मंडला में भारी बारिश: नर्मदा नदी उफान पर, छोटा रपटा पुल पूरी तरह डूबा; 5-6 फीट ऊपर बह रहा पानी
मंडला में लगातार बारिश से नर्मदा का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया है। छोटा रपटा पुल पूरी तरह जलमग्न है। कई घाट और मंदिर डूब गए हैं। प्रशासन ने बैरिकेडिंग कर होमगार्ड और एसडीईआरएफ टीम तैनात की है।
विस्तार
मंडला जिले समेत आसपास के इलाकों में लगातार बारिश का दौर जारी है। बारिश के चलते मां नर्मदा का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। मंडला मुख्यालय का छोटा रपटा पुल पूरी तरह जलमग्न हो गया है। पुल से करीब 5 से 6 फीट ऊपर नर्मदा का पानी बह रहा है।
नर्मदा का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंचने के कारण नदी किनारे बने कई घाट और मंदिर भी पानी में डूब गए हैं। वहीं, नावघाट पर गणेश विसर्जन के लिए बनाया गया कुंड भी नर्मदा के बढ़ते जलस्तर की चपेट में आ गया है।
पढ़ें: गोरकर बंधुओं के दोहरे हत्याकांड के फरार आरोपियों से पुलिस की मुठभेड़, दोनों के पैर में लगी गोली
बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने घाटों के दोनों तरफ बैरिकेडिंग कर दी है। छोटा रपटा पुल डूबने के बाद होमगार्ड और एसडीईआरएफ की टीम को तैनात किया गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके। प्रशासन ने लोगों से नर्मदा तट और जलमग्न पुल से दूर रहने की अपील की है। नदी का जलस्तर बढ़ने के साथ ही निचले इलाकों में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है।
