फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Madhya Pradesh ›   Shocking brutal murder of a farmer in Maihar: Assailants entered the house and slit the sleeping farmer

मैहर में किसान की निर्मम हत्या: सोते समय धारदार हथियार से काटा गला, परिवार के चार सदस्य घायल

Sun, 11 Oct 2026 01:32 PM IST
मैहर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मैहर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मैहर Published by: मैहर ब्यूरो Updated Sun, 11 Oct 2026 01:32 PM IST
सार

मैहर के सोनवारी गांव में रविवार देर रात खेत पर बने घर के बाहर सो रहे किसान रज्जन सिंह पटेल की धारदार हथियारों से हत्या कर दी गई। हमले में पत्नी, बेटी, बेटा और बुजुर्ग दादी घायल हुए। पुलिस संदिग्धों से पूछताछ कर रही है।

 

विज्ञापन
Shocking brutal murder of a farmer in Maihar: Assailants entered the house and slit the sleeping farmer
मौत में मातम - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

विज्ञापन

मध्य प्रदेश के मैहर जिले में रविवार देर रात एक किसान की हत्या और उसके परिवार के सदस्यों पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। कोतवाली थाना क्षेत्र के सोनवारी गांव में खेत पर बने घर के बाहर बरामदे में सो रहे 40 वर्षीय किसान रज्जन सिंह पटेल पर अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में किसान की मौके पर ही मौत हो गई। शोर सुनकर बाहर आए परिवार के अन्य सदस्यों पर भी हमलावरों ने हमला किया, जिसमें उनकी पत्नी, आठ वर्षीय बेटी, 12 वर्षीय बेटा और बुजुर्ग दादी घायल हो गए। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

बरामदे में सो रहे किसान पर किया हमला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोनवारी गांव निवासी रज्जन सिंह पटेल खेती-किसानी करते थे। रविवार देर रात वह खेत में बने अपने घर के बाहर बरामदे में खाट पर सो रहे थे, जबकि परिवार के अन्य सदस्य घर के अंदर सो रहे थे। इसी दौरान करीब आधा दर्जन अज्ञात हमलावरों के वहां पहुंचने की बात सामने आई है। आरोप है कि हमलावरों ने सोते समय रज्जन सिंह पटेल पर कुल्हाड़ी और अन्य धारदार हथियारों से हमला कर दिया। उनके गले पर गंभीर चोट आई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। अचानक हुए हमले के कारण परिवार को संभलने का मौका नहीं मिला।

विज्ञापन


चीख-पुकार सुनकर बाहर आए परिजनों पर भी हमला
किसान पर हमले के दौरान हुई चीख-पुकार सुनकर घर के अंदर सो रहे परिजन बाहर निकले। इस दौरान मृतक की पत्नी अंजना पटेल, आठ वर्षीय बेटी रागनी सिंह पटेल, 12 वर्षीय बेटा अनिकेत पटेल और बुजुर्ग दादी लल्ली सिंह पटेल भी हमलावरों के निशाने पर आ गए। हमले में अंजना पटेल के सिर में चोट आई है। वहीं, बुजुर्ग दादी लल्ली सिंह पटेल के सिर और आंख में चोट लगने की जानकारी सामने आई है। बेटी रागनी के सिर में भी चोट आई, जबकि बेटे अनिकेत को मामूली चोटें आई हैं। एक ही परिवार के चार सदस्यों के घायल होने से वारदात की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
विज्ञापन
विज्ञापन


पढे़ं: मैहर में मां शारदा के दर्शन के लिए प्रशासन मुस्तैद: मांस-मछली की बिक्री बंद, 650 पुलिसकर्मी संभालेंगे सुरक्षा

डायल 112 की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया
घटना की सूचना मिलने पर सीएसपी महेंद्र सिंह और कोतवाली थाना प्रभारी अभिषेक सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाने शुरू किए। घायल पत्नी, बच्चों और बुजुर्ग महिला को डायल 112 की मदद से सिविल अस्पताल मैहर पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस ने किसान के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर एकत्र हो गए।

कुछ संदिग्ध हिरासत में, पूछताछ जारी
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वारदात में करीब आधा दर्जन हमलावरों के शामिल होने की आशंका है। पुलिस ने जांच के दौरान गांव के कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। हालांकि, हमलावरों की वास्तविक संख्या, उनकी पहचान और वारदात में उनकी भूमिका की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस घटनास्थल की परिस्थितियों, परिजनों से मिली जानकारी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।


पुरानी रंजिश समेत कई पहलुओं पर जांच
सोनवारी गांव में हुई इस वारदात के बाद सवाल उठ रहा है कि आखिर रज्जन सिंह पटेल को निशाना क्यों बनाया गया और उनके परिवार के सदस्यों पर हमला किस वजह से किया गया। क्या इसके पीछे कोई पुरानी रंजिश थी या कोई अन्य कारण, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल पुलिस किसी भी संभावित कारण को लेकर आधिकारिक निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है।

पत्नी के बयान से मिल सकते हैं अहम सुराग
घटना में घायल मृतक की पत्नी अंजना पटेल से पूछताछ में हमलावरों की संख्या, उनके हुलिए और वारदात के घटनाक्रम से जुड़े अहम तथ्य सामने आ सकते हैं। पुलिस अन्य परिजनों से मिली जानकारी के आधार पर भी जांच आगे बढ़ा रही है। फिलहाल पुलिस संदिग्धों से पूछताछ और घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर हत्या के कारणों और आरोपियों की भूमिका का पता लगाने में जुटी है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed