मध्य प्रदेश: उत्तराखंड चुनावों पर ऐसा क्या बोल गए शिवराज कि हरिद्वार में देनी पड़ी सफाई; जानिए वायरल वीडियो का सच
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें पत्रकारों से अनौपचारिक चर्चा में उन्हें कहता सुना गया कि उत्तराखंड में भाजपा के लिए बड़ी चुनौती है। इस पर बवाल उठा तो हरिद्वार में उन्हें सफाई भी देनी पड़ी।
विस्तार
दरअसल, 8 फरवरी को शिवराज सिंह चौहान ने अपने गृह ग्राम जैत में गौरव दिवस मनाया। इसी दौरान उन्होंने कुछ पत्रकारों के साथ अनौपचारिक चर्चा भी की। एक पत्रकार ने उनसे पूछा था कि चुनावों में क्या हो रहा है? इस पर उन्हें कहते सुना गया कि "यूपी में कोई संदेह नहीं है। उत्तराखंड में भी बीजेपी है... उत्तराखंड में थोड़ा मुकाबला है।" इतना बोलते ही सीएम का ध्यान वीडियो रिकॉर्डिंग कर रहे शख्स पर जाता है। वे कहते हैं- मोबाइल बंद करो।
10 फरवरी को कांग्रेस ने ट्वीट किया
इस वीडियो को मध्य प्रदेश कांग्रेस ने 10 फरवरी को अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स पर शेयर किया। फिर तो जैसे सभी कांग्रेस नेताओं ने इस पर सवाल उठाने शुरू कर दिए और शिवराज को घेरा। यहीं पर बवाल खड़ा हो गया। खबरों में लिखा गया कि शिवराज को उत्तराखंड में भाजपा की जीत पर संदेह है। कांग्रेस प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा ने लिखा कि "कृपया मोबाइल बंद कीजिए.. मामाजी उत्तराखंड में बीजेपी की स्थिति की सच्चाई बता रहे हैं। कह रहे हैं कि यूपी में संदेह नहीं लेकिन उत्तराखंड में…? प्रतिक्रिया से ही परिणाम समझा जा सकता है। मोबाइल बंद होने के बाद तो मामाजी ने सभी को उत्तराखंड का परिणाम भी बता दिया..."
यूपी और उत्तराखंड में बीजेपी की बेहद कमजोर स्थिति की जानकारी देते मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान।
— MP Congress (@INCMP) February 10, 2022
“बीजेपी तो गई” pic.twitter.com/ucm7vHUyxr
शिवराज को देनी पड़ी सफाई
इस मसले पर मध्य प्रदेश भाजपा ने चुप्पी साध रखी है। व्हाट्सएप ग्रुप्स में जरूर भाजपा-कांग्रेस के प्रवक्ता एक-दूसरे की खिंचाई कर रहे हैं। खैर, शुक्रवार को हरिद्वार में शिवराज सिंह चौहान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इसमें एक तरह से वायरल वीडियो पर सफाई ही दे डाली कि भाजपा नया रिकॉर्ड बना रही है। इसमें उन्होंने दावा किया कि "मैं चार दिन से उत्तराखंड में हूं। पहाड़ों पर भी गया हूं। चारों तरफ मैं देख रहा हूं कि भाजपा के समर्थन में लहर बह रही उत्तराखंड में। भाजपा उत्तराखड़ में जीत का नया रिकॉर्ड बनाएगी। मोदी जी और धामी डबल इंजन की सरकार से प्रभावित है। नारे को ना नाम को, वोट हमारे काम को मिल रहा है। सीएम ने कहा कि पिछड़ा रिकॉर्ड तोड़कर 57 से ज्यादा विधायक जीतेंगे।"
मैं 4 दिन से उत्तराखण्ड में हूं, आज भी मेरे तीन कार्यक्रम हैं। मैं चारों तरफ देख रहा हूं कि @BJP4India के समर्थन में लहर चल रही है और @BJP4UK विजय का नया रिकॉर्ड बनायेगी।
— Shivraj Singh Chouhan (@ChouhanShivraj) February 11, 2022
हरिद्वार में प्रेस वार्ता में मीडिया बंधुओं से विचार साझा किया। https://t.co/uwKQEpsYIF https://t.co/M6lImvGZjX pic.twitter.com/Ea6AqqzkU9
