Madhya Pradesh: CM शिवराज ने सुनहरी बाग आंगनवाड़ी का निरीक्षण किया, कहा- जनता से खिलौने मांगने ठेला लेकर निकलूंगा
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को सुनहरी बाग स्थित आंगनवाड़ी का निरीक्षण किया। शिवराज ने कहा कि जल्द ही भोपाल में ठेला लेकर निकलूंगा, बच्चों के लिए जनता से खिलौने मांगूंगा।
विस्तार
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को सुनहरी बाग स्थित आंगनवाड़ी का निरीक्षण किया। शिवराज ने कहा कि बच्चों के लिए जनता से खिलौने मांगने जल्द ही भोपाल में ठेला लेकर निकलूंगा।
भोपाल के सुनहरी बाग स्थित आंगनवाड़ी को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एडॉप्ट एन आंगनवाड़ी योजना में गोद लिया है। इसको मुख्यमंत्री ने रंग-रोगन समेत अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं व्यक्तिगत रूप से करवाई हैं। गुरुवार को मुख्यमंत्री आंगनवाड़ी पहुंचे। यहां पर फर्श पर बैठकर बच्चों के साथ बातचीत की। उन्होंने बच्चों की दिनचर्या के बारे में जानकारी लेते हुए पूछा कि वे कितने बजे आंगनवाड़ी आते हैं, आंगनवाड़ी आना अच्छा लगता है या नहीं, भोजन में क्या-क्या मिलता है और सबसे प्रिय व्यंजन क्या है।
बच्चों ने मुख्यमंत्री को बतया कि आंगनवाड़ी में उन्हें कढ़ी-चावल, दाल-चावल, खीर-पूरी और हलवा अच्छा लगता है। श्रेया नाम की बेटी ने सीएम को कहानी सुनाई, आंगनवाड़ी के बच्चों ने समवेत स्वर में "मंजन कर लो-मुंह धो लो, माता-पिता को करो प्रणाम- फिर शुरू करो अपना काम" कविता भी सुनाई। मुख्यमंत्री ने आंगनवाड़ी में बच्चों को टॉफी और रंगीन पेंसिल के सेट भेंट किए।
सीएम खिलौने मांगने हाथ ठेला लेकर निकलेंगे
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एक कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों को आंगनवाड़ी गोद लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि वे आचार संहिता लगने से पहले भोपाल में हाथ ठेला लेकर निकलेंगे। वे जनता से बच्चों के लिए खिलौने मांगेंगे। सीएम ने कहा कि सरकार ही नहीं जनता की भी समाज के लिए जिम्मेदारी है।
