इंदौर: विरोध और विवाद के बीच फूठीकोठी से हटाई सब्जी मंडी,महिलाओं ने वाहन की चाबी निकाली
इंदौर के फूटी कोठी चौराहे पर वर्षों से लग रही सब्जी मंडी को शनिवार को नगर निगम की रिमूवल गैंग ने हटा दिया। कार्रवाई के दौरान सब्जी विक्रेताओं ने जमकर विरोध किया। वे सड़क पर बैठकर नारेबाजी करने लगे और ठेले व तख्त हटाने का विरोध किया।
विस्तार
इंदौर के फूटी कोठी चौराहे पर वर्षों से संचालित हो रही सब्जी मंडी को शनिवार को नगर निगम की रिमूवल गैंग ने हटा दिया। कार्रवाई के दौरान निगम अधिकारियों को सब्जी विक्रेताओं के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। सब्जी विक्रेता सड़क पर बैठकर नारेबाजी करने लगे और ठेले व तख्त हटाने का विरोध किया। इस दौरान एक महिला ने नगर निगम के वाहन की चाबी तक निकाल ली। हालांकि, मौके पर मौजूद पुलिस बल की मदद से कार्रवाई पूरी कर ली गई। मंडी हटने के बाद फूटी कोठी की सर्विस रोड चौड़ी नजर आने लगी।
दरअसल, शाम के समय इस मार्ग पर ट्रैफिक जाम की स्थिति बन जाती थी। इसे देखते हुए नगर निगम ने सब्जी विक्रेताओं को यहां ठेले नहीं लगाने का अल्टीमेटम दिया था। सब्जी विक्रेताओं के समर्थन में नेता प्रतिपक्ष सोनाली मिमरोट भी मौके पर पहुंचीं और धरने पर बैठ गईं। हालांकि, पुलिस ने उन्हें एक तरफ कर दिया और निगम की टीम ने मंडी हटा दी।
नेता प्रतिपक्ष ने सवाल उठाया कि जिस स्थान पर वर्षों से मंडी लग रही थी, वहां पहले कोई समस्या नहीं थी। फिर अब अधिकारी किसके दबाव में मंडी हटा रहे हैं? उन्होंने कहा कि सब्जी विक्रेताओं को कोई वैकल्पिक स्थान भी उपलब्ध नहीं कराया गया है। ब्रिज के नीचे बने बोगदों में सब्जी विक्रेताओं को जगह दी जानी चाहिए, ताकि वे अपना रोजगार जारी रख सकें।
वहीं, सब्जी विक्रेताओं का कहना है कि पहले फूटी कोठी चौराहे पर मंडी लगती थी। वहां से हटाए जाने के बाद उन्होंने सर्विस रोड के किनारे दुकानें लगाना शुरू कर दिया था। अब यहां से भी उन्हें हटाया जा रहा है, जबकि इस जगह उनकी ग्राहकी जम चुकी थी। विक्रेताओं का दावा है कि उनकी दुकानें सड़क के किनारे लगती थीं और इससे यातायात में कोई बाधा नहीं होती थी।

