Indore: तीन बार हुई थी राजा की हत्या की कोशिश, सुनसान जगह पर मौत के घाट उतारा
कोर्ट में चार्जशीट पेश किए जाने पर राजा रघुवंशी के भाई विपिन रघुवंशी ने कहा है कि वे शिलांग पुलिस की जांच से संतुष्ट है, लेकिन सबूत मिटाने वाले आरोपियों को भी सलाखों के पीछे होना चाहिए। शिलांग पुलिस ने इस केस में काफी मेहनत की है।
विस्तार
शिलांग पुलिस ने राजा रघुवंशी मर्डर केस में जो चार्जशीट कोर्ट में पेश की है, उसमें राजा की हत्या और साजिश का ब्यौरा भी सिलसिलेवार है। पत्नी सोनम चाहती थी कि राजा को भीड़ वाले क्षेत्र में गोली मारी जाए, ताकि उसे खुद के बचाव के लिए कहानी न बनाना पड़े। हत्या की कोशिश तीन बार की गई, लेकिन अंतत: शिलांग के समीप सुनसान जगह उसे मौत के घाट उतार दिया गया।
आरोपियों ने असम के कामाख्या देवी मंदिर में भी हत्या की कोशिश की थी, लेकिन आरोपी गोली नहीं चला सके। भीड़ वाले क्षेत्र में पकड़े जाने के डर से वे इसके लिए तैयार नहीं हो रहे थे। फिर सोनम ने राजा को शिलांग चलने के लिए राजी किया और वहां सुनसान पार्किंग में राजा की हत्या कर दी गई।
फुटेज में कैद हो गई सोनम
खाई वाले इलाके में भी राजा को मारने के लिए तीनों आरोपी गए थे, लेकिन वहां भी भीड़ होने से वे हत्या नहीं कर पाए थे। हत्या के बाद योजना यह थी कि सोनम और आरोपी अलग-अलग भागें, लेकिन हत्या के बाद चारों एक साथ दो बाइक पर भागे और सोनम तीनों आरोपियों के साथ एक फुटेज में कैद हो गई। शिलांग पुलिस के लिए यह सबसे बड़ा सबूत था।
जांच से संतुष्ट है राजा का परिवार
कोर्ट में चार्जशीट पेश किए जाने पर राजा रघुवंशी के भाई विपिन रघुवंशी ने कहा है कि वे शिलांग पुलिस की जांच से संतुष्ट है, लेकिन सबूत मिटाने वाले आरोपियों को भी सलाखों के पीछे होना चाहिए। शिलांग पुलिस ने इस केस में काफी मेहनत की है। हत्या के अलावा आरोपियों पर सबूत मिटाने की धारा भी लगाई गई है। हमें यकीन है कि आरोपियों को कड़ी सजा मिलेगी।
