भारत-वेस्टइंडीज टी-20 मैच: इंदौर पहुंचीं दोनों टीमें, वैभव-शुभमन की एक झलक को उमड़े फैंस, कल होगा महामुकाबला
भारत-वेस्टइंडीज टी-20 मुकाबले को लेकर इंदौर में क्रिकेट का रोमांच चरम पर है। शनिवार को दोनों टीमें शहर पहुंचीं तो एयरपोर्ट से होटल तक प्रशंसकों की भीड़ अपने पसंदीदा खिलाड़ियों की एक झलक पाने के लिए बेताब नजर आई।
विस्तार
रविवार को इंदौर के होलकर स्टेडियम में होने वाले भारत-वेस्टइंडीज टी-20 मैच के लिए शनिवार दोपहर दोनों टीमें इंदौर आ गईं। खिलाड़ियों को करीब से निहारने के लिए एयरपोर्ट पर प्रशंसकों और खेल प्रेमियों की भीड़ उमड़ पड़ी। एयरपोर्ट से बाहर निकलते समय खिलाड़ियों ने भी हाथ हिलाकर उनका अभिवादन किया। क्रिकेट प्रेमी खासकर वैभव सूर्यवंशी और शुभमन गिल को देखने आए थे। अब दोनों टीमें रविवार को आमने-सामने होंगी।
एयरपोर्ट से एक कार में गौतम गंभीर और कप्तान श्रेयस अय्यर सीधे होलकर स्टेडियम गए, जबकि तिलक वर्मा, ईशान किशन, संजू सैमसन, मयंक यादव सहित अन्य खिलाड़ी होटल पहुंचे। शाम को दोनों टीमें स्टेडियम में अभ्यास के लिए भी पहुंचेंगी। वहां भी क्रिकेट प्रेमी उन्हें देखने के लिए जुटेंगे।
दोनों टीमों के खिलाड़ी शनिवार दोपहर चार्टर्ड प्लेन से इंदौर पहुंचे। एयरपोर्ट पर एमपीसीए के पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों का स्वागत किया और सुपर कॉरिडोर से होते हुए बस होटल पहुंची। होटल के बाहर भी प्रशंसकों की भीड़ अपने प्रिय खिलाड़ियों को देखने के लिए खड़ी थी। होटल कर्मचारियों ने तिलक लगाकर दोनों टीमों का स्वागत किया। इसके बाद खिलाड़ी अपने-अपने कमरों में चले गए।
भारतीय टीम में इंदौर का कोई खिलाड़ी नहीं
इस बार भारतीय टीम में इंदौर का कोई खिलाड़ी नहीं है, लेकिन इंदौर के अंपायर नितिन मेनन भारत-वेस्टइंडीज मुकाबले में थर्ड अंपायर की भूमिका में स्टेडियम में मौजूद रहेंगे। स्टेडियम के बाहर शनिवार को भारतीय टीम की टी-शर्ट और लोगो बिके। इसके अलावा, टिकट के लिए भी लोग स्टेडियम के आसपास चक्कर काटते नजर आए। वेबसाइट पर स्टेडियम के ज्यादातर टिकट बिक गए। अब ऑफलाइन टिकट के लिए मारामारी मची हुई है।
