इंदौर: दिन में ट्रैफिक सुधार पर याचिका और शाम को मालवा मिल सड़क पर लंबा ट्रैफिक जाम
इंदौर में ट्रैफिक व्यवस्था की बदहाली का मुद्दा मंगलवार को हाईकोर्ट में उठा, तो शाम को मालवा मिल चौराहे पर लगे जाम ने शहर की यातायात व्यवस्था की हकीकत बयां कर दी। पाटनीपुरा से मालवा मिल तक करीब आधा किलोमीटर के रास्ते पर वाहन रेंगते रहे।
विस्तार
इंदौर में ट्रैफिक सुधार के मुद्दे पर दायर याचिका में हाईकोर्ट ने नाराजगी जताई है। याचिकाकर्ता की ओर से कहा गया कि शहर के 90 से अधिक ट्रैफिक सिग्नलों में से केवल 28 ही इंटेलिजेंट ट्रैफिक सिस्टम से जुड़े हैं।
बाकी सिग्नलों की टाइमिंग ठीक नहीं होने से वाहन चालकों को परेशानी होती है। कई चौराहों पर उन्हें लंबे समय तक रुकना पड़ता है, तो कभी शाम के समय सिग्नल जल्दी लाल हो जाने से चौराहे का आधा ट्रैफिक भी नहीं निकल पाता है।
दिन में याचिका के जरिए ट्रैफिक व्यवस्था की बदहाली के मुद्दे उठाए गए, वहीं शाम को मालवा मिल चौराहे पर लगे लंबे जाम ने हकीकत बयां कर दी। पाटनीपुरा से मालवा मिल तक करीब आधा किलोमीटर के रास्ते पर वाहन रेंगते रहे। इसके अलावा एलआईजी से पलासिया चौराहे तक एबी रोड पर भी यातायात का दबाव रहा। मालवा मिल चौराहे पर वाहनों की गुत्थमगुत्था के कारण जंजीरवाला मार्ग और विश्रांति की ओर जाने वाले रास्ते पर भी यातायात बाधित रहा।
दरअसल अटल द्वार से कई वाहन जंजीरवाला चौराहे तक जाते हैं, लेकिन नगर निगम ने सड़क चौड़ीकरण के चलते इस मार्ग पर यातायात प्रतिबंधित कर दिया है। इसका असर पाटनीपुरा मार्ग पर पड़ रहा है।
शाम के समय लोग अब इस रास्ते से जाने से भी बचने लगे हैं। मालवा मिल सड़क की चौड़ाई 80 फीट है, लेकिन दोनों तरफ करीब 10-10 फीट तक दुकानदारों के काउंटर और ग्राहकों के वाहन खड़े रहते हैं। इससे यातायात के लिए जगह कम बचती है। मंगलवार को मालवा मिल रोड पर यातायात बाधित होने के दौरान वहां ट्रैफिक जवान भी तैनात नहीं थे। करीब आधा किलोमीटर की दूरी तय करने में वाहन चालकों को आधे घंटे से ज्यादा का समय लगा।
