Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Madhya Pradesh ›   Indore News ›   indore-malwa-mudra-mahotsav-2500-year-old-coins-mughal-history

इंदौरः देखिए, अकबर के खजाने के बेशकीमती सिक्के, 2500 साल का दुर्लभ इतिहास सामने आया

Sat, 28 Nov 2026 08:14 AM IST
अर्जुन रिछारिया न्यूज डेस्क, अमर उजाला, इंदौर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, इंदौर Published by: अर्जुन रिछारिया Updated Sat, 28 Nov 2026 08:14 AM IST
सार

इंदौर में शुरू हुए 3 दिवसीय मालवा मुद्रा महोत्सव में 2500 साल पुराने पंचमार्क, मौर्य, गुप्त, मुगल और होलकर कालीन दुर्लभ सिक्के प्रदर्शित किए गए हैं, साथ ही पुराने नोटों की असली कीमत बताकर ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव की जानकारी दी जा रही है।

विज्ञापन
indore-malwa-mudra-mahotsav-2500-year-old-coins-mughal-history
दुर्लभ सिक्कों को देखने के लिए उमड़ी भीड़। - फोटो : अमर उजाला, डिजिटल डेस्क, इंदौर

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

इंदौर के बास्केटबॉल क्लब में शुक्रवार से 3 दिवसीय मालवा मुद्रा महोत्सव की शुरुआत हुई। 29 नवंबर तक चलने वाली इस प्रदर्शनी में करीब 2500 साल पुराने पंचमार्क सिक्कों से लेकर आधुनिक भारतीय करेंसी तक का संग्रह देखने को मिल रहा है। देशभर से आए मुद्रा संग्राहकों और विशेषज्ञों ने अपने दुर्लभ संग्रह यहां प्रदर्शित किए हैं। प्रदर्शनी का उद्घाटन इंदौर राजघराने के बड़े महाराज शिवाजी राव होलकर द्वितीय रिचर्ड होलकर ने किया। यहां मौर्य, गुप्त, मुगल और ब्रिटिश काल के साथ होलकर रियासत के सोने, चांदी और तांबे के दुर्लभ सिक्के भी आकर्षण का केंद्र हैं। प्रदर्शनी में लोग अपने पुराने सिक्कों और नोटों का मूल्यांकन करवाने के साथ उनकी खरीद-बिक्री भी कर सकते हैं। प्रदर्शनी में भारतीय मुद्रा के करीब 2500 साल के इतिहास को 1 जगह देखने का मौका मिल रहा है। यहां 16 महाजनपदों से जुड़े पंचमार्क सिक्के, काशी जनपद की मुद्राएं और महाकाल से जुड़े प्राचीन उज्जैन के सिक्के प्रदर्शित किए गए हैं। इसके अलावा सिकंदर महान से संबंधित चांदी का टेट्राड्रैक्म, मैत्रक वंश और गुप्त सम्राट कुमारगुप्त प्रथम के दुर्लभ स्वर्ण सिक्के भी रखे गए हैं। कुमारगुप्त के व्याघ्र पराक्रम प्रकार के सिक्के में उन्हें बाघ का शिकार करते हुए दिखाया गया है। वहीं बहमनी सल्तनत के दुर्लभ स्वर्ण सिक्के भी लोगों का ध्यान खींच रहे हैं।
विज्ञापन


मुगल बादशाहों के सिक्कों में दिखती है शासकों की पहचान
विशेषज्ञ सानिध्य शास्त्री ने बताया कि मुगल काल के सिक्कों की खासियत उनकी खूबसूरत कैलीग्राफी और बारीक नक्काशी है। प्रदर्शनी में रखे इन सिक्कों को सोने, चांदी और तांबे में देखा जा सकता है। उस दौर में आधा रुपया, रुपया और सोने की मोहर जैसे अलग-अलग मूल्यवर्ग प्रचलित थे। सिक्कों के 1 तरफ कलमा और दूसरी तरफ शासक का नाम अंकित मिलता है। हालांकि, अलग-अलग मुगल शासकों के समय में इनकी बनावट और लिखावट में बदलाव भी दिखाई देता है।
विज्ञापन


अकबर के सिक्कों पर नाम के साथ दर्ज है तारीख
प्रदर्शनी में अकबर का चौकोर रुपया भी शामिल है। इस पर 1 तरफ अरबी लिपि में कलमा और दूसरी तरफ अकबर का नाम और तारीख अंकित है। सिक्का विशेषज्ञों के मुताबिक, उस समय सिक्कों पर तारीख हिजरी संवत के अनुसार दर्ज की जाती थी। अकबर ने अपने शासनकाल में इलाही संवत भी शुरू किया था, जिसकी झलक उनके कुछ सिक्कों पर देखने को मिलती है।
विज्ञापन
विज्ञापन


औरंगजेब ने सिक्कों से हटवाया कलमा, लिखवाए शेर
विशेषज्ञ सानिध्य शास्त्री ने बताया कि मुगल काल के सिक्कों की खासियत उनकी खूबसूरत कैलीग्राफी और बारीक नक्काशी है। जहां अधिकांश मुगल शासकों के सिक्कों पर कलमा अंकित होता था, वहीं औरंगजेब ने अपने सिक्कों पर कलमा खुदवाना बंद कर दिया था। इसके बजाय उन्होंने फारसी भाषा में शेर यानी कपलेट लिखवाए। प्रदर्शनी में रखे औरंगजेब के 1 सिक्के पर सिक्का जद्दर जहान चू बदरे मुनीर शाह औरंगजेब आलमगीर लिखा हुआ है। सिक्के की दूसरी तरफ ग्वालियर टकसाल का उल्लेख मिलता है।

शाहजहां के सिक्कों में ज्यामितीय बनावट और खूबसूरत कैलीग्राफी
मुगल काल के सिक्कों में शाहजहां के समय की कैलीग्राफी विशेष आकर्षण है। उनके सिक्कों पर लिखावट और डिजाइन में ज्यामितीय संतुलन देखने को मिलता है। विशेषज्ञों के अनुसार, शाहजहां के सिक्कों की बनावट में भी वैसी ही व्यवस्थित ज्यामितीय शैली दिखाई देती है, जिसके लिए उनके समय का स्थापत्य जाना जाता है। सिक्कों पर उकेरे गए शेर और कलमा भी बारीक नक्काशी और खूबसूरत लिखावट के साथ प्रदर्शित हैं।

खास मौकों पर जारी होते थे नजराना सिक्के
सामान्य लेन-देन के सिक्कों के अलावा मुगल शासक विशेष अवसरों पर नजराना सिक्के भी जारी करते थे। इनका इस्तेमाल दरबार में सम्मान, औपचारिक भेंट और खास आयोजनों के लिए किया जाता था। सामान्य प्रचलित सिक्कों की तुलना में इनकी ढलाई और कारीगरी पर अधिक ध्यान दिया जाता था। कई बार इनका आकार और वजन भी अलग होता था। विशेषज्ञ इन्हें आज जारी होने वाले स्मारक सिक्कों की ऐतिहासिक परंपरा से जोड़कर समझाते हैं।


पुराने सिक्कों का मूल्य जानने और खरीद-बिक्री का भी मौका
मालवा मुद्रा महोत्सव में लोग अपने पास मौजूद पुराने सिक्के और करेंसी नोट लेकर पहुंच रहे हैं। यहां विशेषज्ञ उनके ऐतिहासिक महत्व और वास्तविक बाजार मूल्य की जानकारी दे रहे हैं। साथ ही दुर्लभ सिक्कों और नोटों की खरीद-बिक्री और अदला-बदली का अवसर भी मिल रहा है। आयोजन समिति के अध्यक्ष लोकेश खाबिया के अनुसार, सोशल मीडिया पर पुराने सिक्कों और नोटों को लाखों रुपए में बेचने के नाम पर धोखाधड़ी की जा रही है। 5 रुपए के ट्रैक्टर वाले नोट या वैष्णो देवी के सिक्के को लाखों रुपए का बताकर लोगों को ठगा जा रहा है। प्रदर्शनी के जरिए लोगों को मुद्रा का वास्तविक मूल्य समझाने और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाने का प्रयास किया जा रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed