इंदौर: धनतेरस पर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने अपनी पुश्तैनी दुकान से बेचा ग्राहकों को सामान
मध्य प्रदेश के नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय हर साल धनतेरस पर अपनी पुश्तैनी किराना दुकान पर पहुंचते हैं। उन्होंने वर्षों पुरानी इस परंपरा को कायम रखा है। वे दुकानदार की भूमिका में नजर आते हैं और ग्राहकों को खुद सामान तौलकर देते हैं।
विस्तार
मध्य प्रदेश के नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय हर साल धनतेरस पर अपनी पुश्तैनी दुकान पर समय बिताते हैं। वे ग्राहकों से पूछते हैं कि उन्हें क्या चाहिए और फिर खुद सामान तौलकर देते हैं। ग्राहक खरीदे गए सामान के पैसे भी चुकाते हैं।
यह नजारा शुक्रवार को भी देखने को मिला। शाम को मंत्री कैलाश विजयवर्गीय नंदानगर स्थित अपनी दुकान पर पहुंचे। सबसे पहले उन्होंने पूजा की। इसके बाद वे ग्राहकों को सामान बेचने लगे। उन्होंने कई पुराने ग्राहकों से सामान की सूची ली। त्योहार के कारण दुकान पर भीड़ थी। कुछ लोग मंत्री को देखकर उनसे मिलने के लिए भी दुकान पर पहुंचे।
मंत्री करीब आधे घंटे तक अपनी दुकान पर बैठे। उन्होंने बताया कि उनकी किराने की दुकान 45 साल से भी ज्यादा पुरानी है। पहले यह घर के आगे वाले कमरे में संचालित होती थी। उनकी मां अयोध्याबाई विजयवर्गीय दुकान संभालती थीं। कैलाश विजयवर्गीय और उनके भाई विजय भी मां के काम में हाथ बंटाते थे।
जब वे दुकान पर बैठे थे, तब मोहल्ले और गली के उनके पुराने दोस्त भी उनसे मिलने पहुंचे। उन्होंने दोस्तों से बातचीत की और पुरानी यादें ताजा कीं।किराने की दुकान से लौटने के बाद उन्होंने घर के बाहर रंगोली बना रही अपनी पोती से भी रंगोली के बारे में पूछा।
