इंदौर की हीरानगर पुलिस ने एक नवविवाहिता की मौत के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने जांच और परिजनों के बयानों के आधार पर मृतका के पति के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है। आरोपी पति पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप है।
5 नवंबर को खाया था जहरीला पदार्थ
एसीपी रूबिना मिजवानी ने बताया कि 24 वर्षीय मृतका माही परमार ने 5 नवंबर की रात सुखलिया स्थित अपने घर में जहरीला पदार्थ खा लिया था। घटना के बाद परिजन उसे गंभीर हालत में तुरंत अपोलो अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी।
यह भी पढ़ें...
Indore News: पहाड़ों की बर्फबारी का सीधा असर इंदौर में, 7 डिग्री पारे ने तोड़ा रिकॉर्ड, देखें आगे क्या होगा
2 of 2
माही के परिजन ने गोपुर चौराहे पर प्रदर्शन किया
- फोटो : अमर उजाला, डिजिटल डेस्क, इंदौर
दहेज के लिए करता था प्रताड़ित
पुलिस जांच के अनुसार, माही की शादी इसी साल जनवरी 2025 में लवकुश विहार, सुखलिया निवासी लक्ष्य गेहलोद से हुई थी। जांच में यह बात सामने आई कि शादी के कुछ समय बाद से ही लक्ष्य का व्यवहार माही के प्रति असामान्य हो गया था। मृतका की बहन प्राची और चाची आशा ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया है कि लक्ष्य अक्सर दहेज को लेकर माही को ताने देता था और छोटी-छोटी बातों पर उससे झगड़ा करता था। इन प्रताड़नाओं के कारण माही पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में रहने लगी थी।
पति के खिलाफ केस दर्ज
पुलिस ने परिजनों के बयानों, शादी के कम समय और अन्य सबूतों के आधार पर जांच पूरी की। इसके बाद देर रात आरोपी पति लक्ष्य गेहलोद के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने (धारा 306) के तहत केस दर्ज किया गया है।
परिजन और समाज के लोगों किया प्रदर्शन
माही के परिजन और नाथ समाज के लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया और माही को न्याय दिलाने की मांग की। शाम को 6 बजे गुरु गोरखनाथ मंदिर सूर्य देव नगर से गोपुर चौराहे तक माही को न्याय दिलाने के लिए कैंडल मार्च निकाला गया और मौन श्रद्धांजली दी गई। पुलिस और प्रशासन से मांग की गई कि माही के दोषियों को सख्त से सख्त सजा दी जाए।