Indore News: नाबालिग लड़की की संदिग्ध मौत, पिता बोले मकान मालिक का बेटा मानसिक बीमार, वह डराता था
Indore News: इंदौर के स्कीम नंबर 78 में 14 साल की नाबालिग की संदिग्ध मौत पर पिता ने हत्या का आरोप लगाया, जबकि पुलिस आत्महत्या की जांच कर रही है। वहीं, अन्य दो घटनाओं में युवक ने फांसी लगाई और एक महिला की गिरने से मौत हो गई।
विस्तार
इंदौर के स्कीम नंबर 78 इलाके में एक 14 साल की नाबालिग लड़की की लाश फंदे पर लटकी हुई मिली। इस मामले को लेकर आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है, लेकिन लड़की के पिता का दावा है कि उसकी बेटी की हत्या कर उसे फंदे पर लटकाया गया है।
घर के दोनों दरवाजे खुले थे
मृतका पूर्णिमा पंवार, स्कीम नंबर 78 की निवासी थी, और उसका पोस्टमार्टम एमवाय अस्पताल में किया गया। मृतका के पिता जीवन पंवार ने बताया कि घटना के समय घर के दोनों दरवाजे खुले थे और उनकी बेटी अकेली थी। मां काम पर गई हुई थी। जीवन पंवार का आरोप है कि जिस मकान में वे किराए से रह रहे थे, वहां का मालिक का बेटा मानसिक रूप से बीमार है और उनकी बेटी को लगातार धमकाता था। मकान मालकिन भी उनसे विवाद करती थी। जीवन का कहना है कि हम पहले भी कई बार उन्हें समझा चुके थे लेकिन वह हमारी बेटी को बहुत परेशान करते थे। जीवन ने कहा कि उनकी बेटी फांसी लगाने जैसा कदम नहीं उठा सकती, उसे मारा गया और फिर उसे फंदे पर लटका दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच कर रही है कि जीवन पंवार के आरोप सही हैं या यह आत्महत्या का मामला है। आसपास के लोगों के बयान भी लिए जा रहे हैं।
युवक ने लगाई फांसी
दूसरी घटना में बाणगंगा पुलिस ने बताया कि न्यू दुर्गा नगर के निवासी अनुराग भदौरिया ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। अनुराग रेडीमेड कॉम्प्लेक्स में तीन महीने पहले तक नौकरी करता था, लेकिन फिलहाल उसने नौकरी छोड़ दी थी। आत्महत्या का कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। वहीं, बाणगंगा क्षेत्र के राम नगर में 55 वर्षीय सविता नामक महिला की घर में गिरने से मौत हो गई। दोनों मामलों के शवों का पोस्टमार्टम एमवाय अस्पताल में किया गया है।
