{"_id":"6ab10f19969f5719fa01cf19","slug":"gwalior-two-students-allegedly-harassed-and-assaulted-on-road-incident-captured-on-cctv-2026-09-21","type":"story","status":"publish","title_hn":"ग्वालियर: कोचिंग से घर लौट रही छात्राओं से बदसलूकी, बाइक सवारों ने रास्ता रोककर की मारपीट, CCTV ने खाेला राज","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
ग्वालियर: कोचिंग से घर लौट रही छात्राओं से बदसलूकी, बाइक सवारों ने रास्ता रोककर की मारपीट, CCTV ने खाेला राज
Mon, 21 Sep 2026 04:34 PM IST
ग्वालियर ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, ग्वालियर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, ग्वालियर
Published by: ग्वालियर ब्यूरो
Updated Mon, 21 Sep 2026 04:34 PM IST
सार
कोचिंग से लौट रही दो छात्राओं को रास्ते में रोककर छेड़खानी और मारपीट का CCTV फुटेज वायरल होने के बाद पुलिस ने बाइक सवार युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। हालांकि छात्राओं के परिजनों ने इस बारे में कोई शिकायत नहीं कराई है।
विज्ञापन
सीसीटीवी फुटेज से ली गई तस्वीरें
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
जिले के भितरवार नगर में कोचिंग से घर लौट रही दो छात्राओं के साथ छेड़खानी और मारपीट का मामला सामने आया है। घटना कमला स्कूल वाली रोड की है, जहां बाइक सवार दो युवकों ने छात्राओं को रास्ते में रोककर उनके साथ छेड़खानी की और विरोध करने पर दोनों के साथ मारपीट भी की गई। पूरी घटना पास के एक मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन
बताया जा रहा है कि घटना सोमवार दोपहर करीब 12 बजे की है। दोनों छात्राएं कोचिंग से अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक उनके पास पहुंचे और रास्ते में उन्हें रोककर छेड़खानी शुरू कर दी। छात्राओं ने इसका विरोध किया तो दोनों युवकों ने उनके साथ मारपीट की।
विज्ञापन
सीसीटीवी फुटेज में सड़क पर युवकों और छात्राओं के बीच हुई घटना दिखाई दे रही है। मारपीट के बाद दोनों युवक बाइक से मौके से फरार हो गए। हालांकि घटना के बाद छात्राओं या उनके परिजनों की ओर से थाने में शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। घटना का वीडियो सामने आने और सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आया। इसके बाद पुलिस ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए फुटेज के आधार पर दोनों युवकों की पहचान के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
विज्ञापन
ये भी पढ़ें: उज्जैन: सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के बीच नगर निगम का सख्त एक्शन, लालपुल ब्रिज मार्ग से हटाया अवैध निर्माण
पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि घटना में शामिल दोनों छात्राएं कौन हैं, ताकि उनसे संपर्क कर पूरे मामले की जानकारी ली जा सके और उनके बयान दर्ज किए जा सकें। एसडीओपी गगन हनमत ने बताया कि फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। उन्होंने बताया कि अभी तक किसी भी छात्रा या उसके परिजन ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज नहीं कराई है।
वहीं नगर परिषद उपाध्यक्ष मन्नू यादव ने घटना को लेकर नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि भितरवार नगर में असामाजिक तत्वों की गतिविधियां बढ़ रही हैं और छात्राओं के साथ इस तरह की घटनाएं चिंता का विषय हैं। उन्होंने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। साथ ही कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों युवकों की पहचान और उनकी तलाश में जुटी है। छात्राओं के बयान सामने आने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई स्पष्ट हो सकेगी।
