भोपाल: निजी यूनिवर्सिटी के दो छात्रों ने दोस्तों संग व्यक्ति को 5 दिन तक बनाया बंधक, चाकू-तलवार से दी धमकी
भोपाल के कटारा हिल्स में निजी यूनिवर्सिटी के दो छात्रों समेत चार लोगों पर 47 वर्षीय व्यक्ति को पांच दिन तक बंधक बनाकर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि दो फरार हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भोपाल के कटारा हिल्स इलाके से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। अमरीन होम्स के एक फ्लैट में निजी यूनिवर्सिटी के दो छात्रों समेत चार लोगों पर 47 वर्षीय व्यक्ति को पांच दिनों तक चाकू और तलवार की नोक पर बंधक बनाकर रखने और उसके साथ मारपीट करने का आरोप है। पुलिस ने फ्लैट में दबिश देकर पीड़ित को मुक्त कराया और दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मामले के दो अन्य आरोपी फरार हैं।
कटारा हिल्स पुलिस के अनुसार, डायल-112 पर सूचना मिली थी कि अमरीन होम्स की पांचवीं मंजिल स्थित फ्लैट नंबर 509 में कुछ लोगों ने एक व्यक्ति को बंधक बना रखा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त जोन-2 विकास कुमार शहवाल के निर्देश पर एसीपी मिसरोद रजनीश कश्यप के निर्देशन में एक विशेष टीम गठित कर मौके पर भेजी गई। पुलिस ने फ्लैट नंबर 509 का दरवाजा खुलवाकर तलाशी ली। यहां से दो आरोपियों को धारदार हथियारों के साथ हिरासत में लिया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से 47 वर्षीय पीड़ित यशवंत लोधी, निवासी सेमनिया गौड़, को मुक्त कराया।
पढ़ें: बालाघाट में 30 आदिवासी बच्चों की मौत पर बोले राहुल गांधी, कड़ी कार्रवाई की मांग की
मोबाइल और टैबलेट छीना, पांच दिन तक मारपीट का आरोप
पीड़ित यशवंत लोधी ने पुलिस को बताया कि दीपक उर्फ रोहन बिष्ट उर्फ चीकू, हरीश दुबे, हर्ष मेहरा और रोनित राज गुप्ता ने मिलकर करीब पांच दिन पहले उसका अपहरण किया था। आरोपियों पर उसका मोबाइल और टैबलेट छीनने, गाली-गलौज करने और लगातार मारपीट करने का आरोप है। पीड़ित के अनुसार, आरोपी उसकी गर्दन पर चाकू और तलवार अड़ाकर जान से मारने की धमकी देते रहे।
कटारा हिल्स थाना प्रभारी सुनील दुबे ने बताया कि पुलिस ने हर्ष मेहरा (28), निवासी एलआईजी लहारपुर, कटारा हिल्स और रोनित राज गुप्ता (20), मूल निवासी हजारीबाग, झारखंड तथा वर्तमान निवासी फ्लैट नंबर 509, अमरीन होम्स को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी सेज यूनिवर्सिटी के छात्र हैं।
मामले में शामिल बताए जा रहे दीपक और हरीश फिलहाल फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर अपहरण और व्यक्ति को बंधक बनाने के कारणों का पता लगा रही है।
