सेल्फी लेने के चक्कर में गई एमएलए के पोते की जान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
युवाओं में सेल्फी लेने का क्रेज इस कदर बढ़ चुका है कि वो अपनी जान की भी परवाह नहीं कर रहे, भोपाल में एक पूर्व एमएलए के पोते ने सेल्फी के चक्कर में खुद को गोली मार ली। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मामले में पुलिस जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार मध्यप्रदेश में कांग्रेस के पूर्व एमएलए गोविंद सिंह राजपूत के पोते राहुल उर्फ सूर्य प्रताप सिंह राजपूत की जान सेल्फी लेने के चक्कर में चली गई।
वाकया उस समय हुआ जब राहुल अपने चाचा की लाइसेंसी रिवाल्वर कनपटी लगाकर सेल्फी लेने का प्रयास कर रहा था इसी दौरान ट्रिगर दब गया और गोली उसकी खोपड़ी को चीरती हुई निकल गई।
हादसे में युवक ने मौके पर ही दम तोड़ा
असल में राहुल ने हाल ही में एमपी पीईटी टेस्ट क्लियर किया था। जिसके चलते वह कॉलेज में एडमिशन लेने के लिए चाचा मूरत सिंह के साथ सागर से इंदौर के लिए निकला था।
इसी बीच वह रात को चाचा के साथ भोपाल में उनके फ्लैट पर रुक गया। सोमवार सुबह वह इंदौर को निकलने के लिए तैयार हो रहे थे तभी चाचा की रिवाल्वर देखकर राहुल ने उसके साथ सेल्फी लेनी चाही।
वह रिवाल्वर कनपटी से लगाकर फोटो खींचना चाहता था इसी बीच अचानक ट्रिगर दब गया। अचानक चली गोली राहुल का भेजा चीरते हुए निकल गई। फायरिंग की आवाज सुनकर उसके चाचा दौड़े हुए उसके कमरे में आए तो देखा राहुल फर्श पर खून से लथपथ पड़ा था।
पुलिस ने शुरू की जांच
उसे लेकर वह तुरंत अस्पताल पहुंचे जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस इसे हादसा और आत्महत्या दोनों एंगल से जोड़कर चल रही है। बता दें कि राहुल के पिता रंजीत सिंह का पूरा परिवार कांग्रेस से जुड़ा रहा है।
उसके दादा गोविंद सिंह राजपूत सागर से कांग्रेस के टिकट पर एमएलए रहे हैं। बताते हैं कि इस बार उन्होंने लोकसभा चुनाव भी लड़ा था लेकिन वह हार गए।
