{"_id":"6aedb871e976af83b101292f","slug":"wealth-pours-into-the-market-on-dhanteras-over-400-two-wheelers-sold-dhar-news-c-1-1-noi1504-4912059-2026-11-06","type":"story","status":"publish","title_hn":"धार का बाजार गुलजार: धनतेरस पर बरसा धन, 400 से अधिक दोपहिया वाहन बिके; सराफा बाजार में सात करोड़ का कारोबार","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
धार का बाजार गुलजार: धनतेरस पर बरसा धन, 400 से अधिक दोपहिया वाहन बिके; सराफा बाजार में सात करोड़ का कारोबार
Fri, 06 Nov 2026 05:43 PM IST
धार ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, धार
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, धार
Published by: धार ब्यूरो
Updated Fri, 06 Nov 2026 05:43 PM IST
सार
धनतेरस पर इंदौर के बाजारों में जमकर खरीदारी हुई। सराफा बाजार में करीब सात करोड़ और इलेक्ट्रॉनिक्स में एक करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार हुआ। 400 से ज्यादा दोपहिया वाहन बिके। कपड़ा, बर्तन, फर्नीचर सहित अन्य बाजारों को मिलाकर कुल कारोबार 10 से 12 करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान है।
विज्ञापन
शोरूम पर उमड़ी भीड़
विस्तार
धनतेरस के साथ ही पांच दिवसीय दीपावली पर्व की शुरुआत हो गई। शुक्रवार को धनतेरस पर शहर के बाजारों में जमकर धनवर्षा हुई। सुबह से ही बाजारों में खरीदारों की भीड़ उमड़ने लगी थी। ऑटोमोबाइल क्षेत्र में सबसे अधिक उत्साह देखने को मिला। शहर में 400 से अधिक दोपहिया वाहनों की बिक्री हुई, वहीं चारपहिया वाहनों की भी अच्छी मांग रही। सराफा बाजार में करीब सात करोड़ रुपये का कारोबार हुआ, जबकि इलेक्ट्रॉनिक्स कारोबार का आंकड़ा एक करोड़ रुपये से अधिक रहा। बर्तन बाजार में लगभग 50 लाख रुपये के कारोबार का अनुमान है। कपड़ा, फर्नीचर और अन्य बाजारों को मिलाकर कुल कारोबार करीब 10 से 12 करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान है।
विज्ञापन
मुख्य बाजार में सुबह से ही ग्राहकों की आवाजाही शुरू हो गई थी। दोपहर 1 बजे से शाम 7 बजे तक बाजारों में पैर रखने तक की जगह नहीं बची। लोगों ने शुभ मुहूर्त में वाहन, सोने-चांदी के आभूषण, बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक सामान और दीपावली की सजावटी सामग्री की खरीदारी की। कई ग्राहकों ने आगामी दिनों के लिए भी सामान की बुकिंग कराई। रात 10 बजे के बाद तक बाजारों में चहल-पहल बनी रही। खरीदारी के बाद लोगों ने घरों में विधि-विधान से धनतेरस का पूजन किया।
विज्ञापन
ये भी पढ़ें- 7 दिसंबर से शुरू होगा विधानसभा का शीतकालीन सत्र, पांच दिन चलेगी कार्यवाही; हंगामेदार रहने के आसार
विज्ञापन
सोने-चांदी की आकृतियों और हल्के आभूषणों की मांग
सराफा कारोबारियों के अनुसार सोने-चांदी की कीमतों में लगातार उतार-चढ़ाव के बावजूद ग्राहकी अच्छी रही। इस बार हल्के वजन के आभूषणों की मांग अधिक रही। एक से डेढ़ ग्राम से लेकर 5 ग्राम तक के आभूषण, टॉप्स, अंगूठियां और गले की चेन ग्राहकों की पसंद बने। दो से तीन ग्राम के छोटे आभूषणों की भी अच्छी बिक्री हुई। चांदी के सिक्कों के साथ बिछिया और पायल की मांग रही। वहीं पूजन और निवेश के उद्देश्य से लोगों ने चांदी के सिक्के, मछली, हाथी और कछुए की आकृतियां खरीदीं। इसके अलावा कटोरी, गिलास और चम्मच जैसे छोटे बर्तनों की भी बिक्री हुई।
वाहनों की डिलीवरी के लिए शोरूम पर उमड़े ग्राहक
धनतेरस पर वाहन खरीदने के लिए लोगों में खासा उत्साह रहा। कई ग्राहकों ने पहले ही एडवांस बुकिंग करा रखी थी। शुक्रवार को शुभ मुहूर्त में 400 से अधिक दोपहिया वाहनों की डिलीवरी की गई। चारपहिया वाहनों के शोरूम पर भी दिनभर ग्राहकों की आवाजाही रही। छोटी से लेकर बड़ी कारों तक की डिलीवरी हुई। इसके साथ ही लोगों ने घर की जरूरतों का सामान, कपड़े, जूते, बेल्ट, पर्स, फर्नीचर, दीये, लक्ष्मीजी की प्रतिमाएं, पूजन सामग्री और सजावटी सामान खरीदा। इस बार स्थानीय व्यापारियों और छोटे दुकानदारों के यहां भी अच्छी ग्राहकी देखने को मिली। खासकर दीये और सजावटी सामग्री की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ रही।
चौपाटी तक पहुंचने में लगे 20 मिनट
धनतेरस की खरीदारी के चलते शहर के मुख्य बाजारों में दिनभर यातायात का दबाव बना रहा। यातायात व्यवस्था संभालने के लिए पुलिस ने आठ से अधिक स्थानों पर जवानों की तैनाती कर फिक्स पॉइंट बनाए थे। इसके बावजूद अव्यवस्थित पार्किंग के कारण कई जगह जाम की स्थिति बनी। पुलिसकर्मी लगातार यातायात सुचारू कराने में जुटे रहे। शाम के समय धानमंडी से आनंद चौपाटी तक पहुंचने में वाहन चालकों को करीब 20 मिनट लग गए। राजवाड़ा क्षेत्र में भी दिनभर जाम की स्थिति बनी रही।
