फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Madhya Pradesh ›   Bhopal News ›   MP News CM Shivraj says After Shri Mahakal Lok Salkanpur Devi Lok will become center attraction devotees

MP News: CM शिवराज ने कहा- महाकाल लोक के बाद सलकनपुर का देवी लोक बनेगा श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र

Tue, 16 May 2023 10:40 PM IST
अरविंद कुमार न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भोपाल
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भोपाल Published by: अरविंद कुमार Updated Tue, 16 May 2023 10:40 PM IST
सार

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि मध्यप्रदेश की पवित्र धरती पर सदैव मां की कृपा रही है। उज्जैन में भगवान शिव के आशीर्वाद से महाकाल लोक विकसित हुआ, अब सीहोर जिले के सलकनपुर में देवी लोक का निर्माण किया जाएगा।

विज्ञापन
MP News CM Shivraj says After Shri Mahakal Lok Salkanpur Devi Lok will become center attraction devotees
CM शिवराज और उनकी पत्नी - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

आगामी 31 मई को भूमिपूजन और शिला पूजन कार्यक्रम होने जा रहा है। देवी लोक के निर्माण में जन-जन का योगदान हो, इस उद्देश्य से ग्रामों से ईंट/शिला संकलन का कार्य प्रारंभ हो रहा है, जो मां के चरणों में अर्पित की जाएंगी। श्रद्धालुओं का यह उत्साह और देवी लोक निर्माण के लिए बना वातावरण मैया की कृपा से ही संभव हुआ है। मुख्यमंत्री चौहान आज मुख्यमंत्री निवास में ग्राम और नगर स्तरीय आयोजन समितियों के सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।

विज्ञापन


मुख्यमंत्री चौहान ने देवी लोक महोत्सव के पूर्व ग्रामों से शिलाएं एकत्र करने के लिए रथ यात्रा रवाना की। एकत्र शिलाओं का उपयोग देवी लोक के निर्माण के लिए किया जाएगा। मुख्यमंत्री चौहान ने सिर पर देवी जी की चरण पादुका रखकर रथ यात्रा के वाहन को सौंपी। मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी साधना सिंह चौहान ने भी यात्रा के लिए चरण पादुकाएं प्रदान की। मुख्यमंत्री चौहान ने देवी लोक महोत्सव की डीपी और पोस्टर का अनावरण किया। लघु फिल्म के माध्यम से देवी लोक निर्माण के प्रकल्प का विवरण दिया गया। 
विज्ञापन


अनेक सुविधाओं से युक्त होगा सलकनपुर का देवी लोक...
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश में सलकनपुर में निर्मित होने वाले देवी लोक का धार्मिक और आध्यात्मिक पर्यटन की दृष्टि से विशेष महत्व रहेगा। राजधानी भोपाल से नजदीक होने से इस प्रमुख आराधना स्थल में पहुंचने वालों की संख्या लाखों में होती है। अनेक जिलों से श्रद्धालु पद यात्रा करते हुए प्राकृतिक सुंदरता से परिपूर्ण स्थान सलकनपुर पहुंचते हैं। यहां अनेक पर्यटक सुविधाएं विकसित की गई हैं। देवी लोक के निर्माण से इन सुविधाओं में वृद्धि होगी और श्रद्धालु मैया के दर्शन के साथ ही विभिन्न सुविधाओं का उपयोग करते हुए यहां कुछ समय व्यतीत कर सकेंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन


इस आस्था केन्द्र तक पहुंचने के लिए सीढ़ियों का मार्ग, सड़क मार्ग, रोप-वे आदि उपलब्ध है। देवी लोक के निर्माण के बाद श्रद्धालुओं के निवास, खान-पान से जुड़ी सुविधाओं में वृद्धि होगी। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि सिद्ध क्षेत्र सलकनपुर में मूल मंदिर यथावत रहेगा। मैया के नवरूप भी रहेंगे। यही नहीं 64 योगिनी और दुकानों के निर्माण के साथ अन्य व्यवस्थाओं से इस क्षेत्र का महत्व बढ़ेगा।

शिला एकत्रीकरण, चुनरी यात्राएं, महिला और पुरुषों की भजन स्पर्धा...
मुख्यमंत्री चौहान ने देवी लोक महोत्सव के लिए 28, 29 एवं 30 मई को होने वाले ग्राम और नगर स्तरीय कार्यक्रमों की जानकारी भी दी। मुख्य कार्यक्रम 31 मई के पूर्व 28 मई को सभी ग्रामों में शिला एवं चुनरी यात्रा निकाली जाएंगी। 'मेरी घर की मिट्टी मां के चरणों में अर्पित' करने और प्रत्येक ग्राम पंचायत में प्रत्येक घर से ईंट/शिला के संकलन का कार्य होगा। सोमवार-29 मई को रंगोली प्रतियोगिताएं होंगी। इसी दिन माता के श्रृंगार के लिए भी प्रतियोगिता होगी। महिला एवं पुरुष भजन मंडल भजनों की प्रस्तुति देंगे। प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान पर आने वाले प्रतिभागियों को एक लाख 51 हजार, एक लाख और 51 हजार रुपये की राशि दी जाएगी। महिलाओं की भजन प्रतियोगिता 29 मई और पुरुषों की 30 मई को होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 30 मई के कार्यक्रम में नगर स्तरीय शिला और चुनरी यात्रा के साथ ही यात्रा मार्ग में अलग-अलग समाज और संस्थाएं स्वागत करेंगे। सलकनपुर में 31 मई को मुख्य कार्यक्रम में भूमिपूजन एवं शिला पूजन के साथ धर्मगुरुओं तथा कथावाचकों का सम्मान होगा। वैदिक रीति से स्वस्ति-गान और मंत्रोच्चार भी होगा। आतिशबाजी और भजनों के साथ माता जी की चुनरी, शिला, कलश यात्रा का स्वागत किया जायेगा। रेहटी नगर समिति के सौजन्य से गरबा नृत्य की प्रस्तुति भी होगी। मुख्यमंत्री चौहान ने कार्यक्रमों को अद्भुत स्वरूप देने के लिए आयोजन समितियों से सक्रिय भूमिका की अपेक्षा की।  


सांसद रमाकांत भार्गव ने कहा कि 17 से 28 मई तक चरण पादुकाओं के पूजन और उन्हें ग्राम-ग्राम ले जाने का कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। ग्रामों के मंदिर से पवित्र मिट्टी मुख्य कार्यक्रम के लिए समर्पित की जाएगी। साथ ही चुनरियां भी प्रदान की जाएंगी। इसके लिए ग्राम चौपाल में आयोजन समितियों द्वारा जन-जन की भागीदारी पर चर्चा कर आवश्यक तैयारी भी की जाए। कार्यक्रम में अनुसूचित जाति वित्त विकास निगम की अध्यक्ष निर्मला बारेला, पूर्व विधायक राजेन्द्र सिंह राजपूत, कार्तिकेय चौहान, कलेक्टर सीहोर प्रवीण सिंह सहित विभिन्न धर्माचार्य, पुजारी, पंडा, ग्राम और नगर स्तरीय आयोजन समितियों के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित थे। संचालन महेश उपाध्याय ने किया। सम्मेलन का शुभारंभ विजयासन माता को नमन एवं आरती के साथ हुआ। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed