MP News: बेटे को मारने आए बदमाशों से बेटे को बचाने आई महिला पर फेंका खौलता तेल, मौत, पुलिस पर भी उठे सवाल
भोपाल के अन्ना नगर में खौलता तेल फेंके जाने से घायल महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने भाजपा समर्थकों पर हत्या का आरोप लगाया और पुलिस पर कार्रवाई में लापरवाही का। दो आरोपी गिरफ्तार हुए, परिजन और कांग्रेस दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
घटना के बाद से महिला के परिजन पड़ोस में रहने वाले बदमाशों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे थे, लेकिन पुलिस हीलाहवाली कर रही थी। परिजनों का आरोप है कि महिला पर जब खौलता तेल फेंका गया था, उसके बाद पुलिस कार्रवाई में उलझाए रही, उसे समय पर अस्पताल नहीं ले जाने दिया। आरोपी भाजपा के स्थानीय नेता के समर्थक हैं, इस कारण पुलिस उनके खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं कर रही थी। कांग्रेस ने भी भाजपा समर्थित गुंडों द्वारा महिला को जिंदा जलाकर मार डालने का आरोप लगाया है।
मृतका कांति प्रजापति के पति मुकेश प्रजापति के अनुसार पड़ोस में उसके रिश्तेदार कमलेश प्रजापति और उसका भांजा व अन्य लोग रहते हैं। कमलेश व अन्य लोगों ने दुकान का अतिक्रमण सड़क तक कर लिया है, जिससे लोगों को निकलने में परेशानी हो रही थी। किसी ने उनके अतिक्रमण की शिकायत कर दी थी, जिस कारण नगर निगम की टीम अतिक्रमण हटा दिया। रविवार को कमलेश प्रजापति अपने भांजे व तीन-चार अन्य लोगों को लेकर मेरे घर घुसकर मेरे बेटे को पीटने आ गए थे। कमलेश व अन्य का आरोप था कि तुम्हारे बेटे की शिकायत पर मेरा अतिक्रमण हटाया गया है। बेटे को बचाने पत्नी कांति प्रजापति बाहर निकली तो आरोपियों ने कड़ाही में खौलता तेल लेकर आए और मेरी पत्नी के शरीर पर उड़ेल दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई थी।
ये भी पढ़ें- भोपाल लव-ड्रग्स केस: यासीन मछली पर फर्जी पास मामले की नई जांच शुरू, कोठी बचाने कोर्ट पहुंचा मछली परिवार
मृतक महिला के पति मुकेश प्रजापति ने बताया कि घटना के बाद पुलिस को सूचना दी। डायल-100 मौके पर आई और मेरी पत्नी को लेकर अस्पताल जाने के लिए रवाना हुई, लेकिन गोविंदपुरा थाने के सामने उतार दिया और कहा कि मैं अस्पताल लेकर नहीं जाऊंगा। अगर पुलिस वाले मेरी पत्नी को समय पर अस्पताल पहुंचा देते तो उसकी जान बच सकती थी।आरोपियों के दबाव में पुलिसकर्मियों ने हीलाहवाली की है। जबकि थाना प्रभारी अवधेश सिंह भदौरिया ने बताया कि पुलिस वाहन से उसे थाने के पास कॅरियर अस्पताल तक पहुंचाया गया, लेकिन परिजन उसे दूसरे निजी अस्पताल ले जाना चाह रहे थे। इसलिए परिजन उसे अपने वाहन से अस्पताल ले गए थे।
महिला की हत्या करने वाले आरोपियों की तरफ से की एफआईआर
मृतक कांति प्रजापति पति के पति ने गोविंदपुरा थाना पुलिस पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि कांति प्रजापति को जिन आरोपियों ने खौलता तेल डालकर जलाया, वह भी उसी तेल से कुछ झुलस गए थे। आरोपियों ने मेरे बेटे को पीटा और तोड़फोड़ भी की। इसके बाद भी पुलिस ने पत्नी को जलाने वाले आरोपियों की तरफ से मेरे बेटे के खिलाफ हत्या के प्रयास का प्रकरण दर्ज कर लिया, जबकि आरोपी खुद ही झुलसे थे। महिला को हम लोग जेपी अस्पताल ले गए, जहां से उसे हमीदिया रेफर कर दिया गया। हमीदिया में पहुंचने के बहुत देर बाद पुलिसकर्मी उसके बयान दर्ज करने आए, ताकि वह बेहोशी की हालत में आ जाए और मृत्यु पूर्व कथन न दे सके।
ये भी पढ़ें- भोपाल लव-ड्रग्स: विदेश तक फैला मछली का जाल, नाइजीरियन के बाद थाईलैंड की महिला गिरफ्तार, क्या है ओवैसी कनेक्शन?
गुरुवार सुबह महिला की मौत के बाद उसके शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। परिजन शव लेकर अन्ना नगर चौराहे पर पहुंचे और पुलिसकर्मियों के खिलाफ आरोपियों से मिलीभगत का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया। परिजन स्थानीय रहवासियों के साथ आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। पुलिस अधिकारियों की काफी समझाइश के बाद मामला शांत हुआ। इस मामले में कांग्रेस नेता मनोज शुक्ला ने आरोप लगाया कि महिला को जिंदा जलाकर हत्या करने वाले आरोपी भाजपा के एक स्थानीय नेता के समर्थक हैं। यह भाजपा समर्थिक गुंडों द्वारा एक महिला की हत्या किए जाने का मामला है, लेकिन पुलिस आपसी विवाद बताकर मामले को रफादफा करना चाह रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
महिला की जलने से मौत के मामले में हत्या का प्ररकण दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किय गया है। अन्य के संबंध में भी जांच की जा रही है। कुछ और लोगों के शामिल होने के आरोप परिजनों ने लगाए हैं। महिला को अस्पताल पहुंचाने में पुलिस द्वारा देरी करने और बयान लेने में देरी करने संबंधी आरोप निराधार हैं। आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।
-डॉ. संजय अग्रवाल, डीसीपी, जोन-2, भोपाल
