Chandra Grahan: सूर्यग्रहण के बाद अब चंद्रमा की बारी...पीला, नारंगी, भूरा या लाल दिखने की संभावना
आगामी 8 नवंबर को इस साल का आखिरी चंद्रग्रहण लगने जा रहा है। इस दिन कार्तिक पूर्णिमा भी है। यह चंद्रग्रहण भारत में दिखाई देगा। इसलिए इसका सूतक काल मान्य होगा।
विस्तार
आगामी 8 नवंबर को गुरुनानक जयंती कार्तिक पूर्णिमा पर चंद्रग्रहण की खगोलीय घटना दिखने जा रही है। इसके बारे में नेशनल अवार्ड प्राप्त विज्ञान प्रसारक सारिका घारू ने वैज्ञानिक जानकारी दी। सारिका ने बताया, संध्या पूर्वी आकाश में उदित होते हुए चंद्रमा के साथ मध्यप्रदेश में यह आंशिक चंद्रग्रहण के रूप में दिखेगा। भारत के पूर्वी राज्यों में इसे पूर्ण चंद्रग्रहण के रूप में देख पाएंगे।
मध्यप्रदेश में भी पूर्वी जिलों जैसे अनूपपुर और शहडोल में चंद्रमा का बड़ा भाग पूर्ण छाया में होगा। वहीं, पश्चिमी जिलों जैसे इंदौर, उज्जैन और झाबुआ में चंद्रमा का कुछ ही भाग पूरी छाया में होगा। हालाकि, मध्यप्रदेश में यह आंशिक ग्रहण के रूप में ही होगा। सारिका ने बताया, चंद्रमा का अपना प्रकाश नहीं है। इस पर जब सूर्य की किरणें पड़ती हैं तो उसे परावर्तित करके यह चमकता है।
पूर्ण चंद्रग्रहण के दौरान पृथ्वी, सूर्य और चंद्रमा के बीच में आकर प्रत्यक्ष सूर्य प्रकाश को चंद्रमा तक पहुचने से रोकती है। लेकिन पृथ्वी के वायुमंडल से गुजरता हुआ अप्रत्यक्ष प्रकाश चंद्रमा पर पड़ता है। वायुमंडल की धूल के अंतर के कारण चंद्रग्रहण पीला, नारंगी, भूरा या लाल दिख सकता है। ग्रहण के समय वायुमंडल में जितने अधिक धूलकण या बादल होंगे, ग्रहण वाला चंद्रमा उतना लाल दिखेगा।
सारिका ने बताया कि चंद्रग्रहण को बिना किसी उपकरण के खाली आंख से देखा जा सकता है। रोशनी से दूर अंधेरे स्थान पर देखना अच्छा हो सकता है। अगर टेलीस्कोप या बाइनाकुलर से देखेंगे तो लाल रंग को स्पष्ट रूप से देख सकते हैं। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि आंशिक ग्रहण तो शाम 6 बजकर 19 मिनिट पर समाप्त हो जाएगा। लेकिन उपछाया ग्रहण 7 बजकर 26 मिनट तक चलता रहेगा।
यहां जानें चंद्रग्रहण की टाइमिंग...
- बैतूल में 05:35, 05:38, 07:26, 1 घंटा 50 मिनट
- इटारसी में 05:36, 05:38, 07:26, 1 घंटा 50 मिनट
- नर्मदापुरम में 05:35, 05:37, 07:26, 1 घंटा 51 मिनट
- हरदा में 05:38, 05:42, 07:26, 1 घंटा 47 मिनट
- भोपाल में 05:36, 05:38, 07:26, 1 घंटा 50 मिनट
