फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Madhya Pradesh ›   Bhopal News ›   Flood-like situation in MP due to three days of rain: 527 people rescued, water enters 200 homes in Bhopal, sc

MP में 3 दिन की बारिश से बाढ़ जैसे हालात: 527 लोगों का रेस्क्यू, भोपाल में 200 घरों में पानी, स्कूल में छुट्टी

Tue, 11 Aug 2026 08:42 PM IST
Sandeep Kumar Tiwari न्यूज डेस्क,अमर उजाला, भोपाल
न्यूज डेस्क,अमर उजाला, भोपाल Published by: Sandeep Kumar Tiwari Updated Tue, 11 Aug 2026 08:42 PM IST
सार

मध्य प्रदेश में 3 दिन से जारी बारिश से कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात हैं। अब तक 527 लोगों का रेस्क्यू किया गया। भोपाल में 200 मकानों में पानी घुसा। नर्मदापुरम में नर्मदा 48 घंटे में 10 फीट बढ़ी। वहीं भोपाल का बड़ा तालाब 1663 फीट पहुंच गया। खरगोन में बांध के गेट खोलकर 24 गांवों में अलर्ट किया गया। अगले चार दिन भी बारिश के लिहाज से अहम बताए जा रहे हैं।भोपाल और गुना में बुधवार को स्कूलों की छुट्टी घोषित की गई है।

विज्ञापन
Flood-like situation in MP due to three days of rain: 527 people rescued, water enters 200 homes in Bhopal, sc
भोपाल में बारिश - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

मध्य प्रदेश में लगातार तीसरे दिन बारिश का दौर जारी है। तेज बारिश से कई जिलों में नदी-नाले उफान पर हैं, पुल और सड़कें डूब गई हैं और कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। प्रदेश में अब तक 527 लोगों को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से सुरक्षित निकाला गया है। वहीं बारिश से बांधों और तालाबों का जलस्तर तेजी से बढ़ा है, जिससे जलस्रोतों को बड़ी राहत मिली है। भोपाल और गुना में बुधवार को स्कूलों की छुट्टी घोषित की गई है। इससे पहले राजधानी में सोमवार और मंगलवार को भी स्कूल बंद रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राज्य आपदा प्रबंधन के सिचुएशन रूम से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति जानी। उन्होंने प्रभावित लोगों से बातचीत भी की। 
विज्ञापन



भोपाल में दो दिन में 8 इंच बारिश
भोपाल में पिछले दो दिनों में करीब 8 इंच बारिश हुई है। शहर के निचले इलाकों में पानी भरने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। करीब 200 मकानों में ढाई फीट तक पानी पहुंच गया। कई जगह ट्रांसफार्मर और बिजली वितरण पेटियां पानी की चपेट में आने के कारण सुरक्षा के लिए बिजली आपूर्ति बंद करनी पड़ी।मंगलवार को भी सुबह से रुक-रुककर बारिश होती रही। शाम करीब 5 बजे तेज बारिश शुरू हुई, जिससे दफ्तरों से घर लौट रहे लोगों को परेशानी हुई। शाम करीब 7 बजे 7 नंबर स्टॉप की सड़क भी पानी में डूब गई। बारिश के कारण भोपाल में दृश्यता भी कम रही। एमपी नगर में सुबह दृश्यता एक किलोमीटर से कम दर्ज की गई। अंबेडकर फ्लाईओवर पर वाहन चालकों को दिन में भी हेडलाइट जलाकर चलना पड़ा।
विज्ञापन


गुना में साढ़े 3, खंडवा में सवा 2 इंच बारिश
मंगलवार को गुना में 85 मिमी यानी साढ़े 3 इंच और खंडवा में सवा 2 इंच बारिश दर्ज हुई। इसके अलावा भोपाल, बैतूल, छिंदवाड़ा, शाजापुर, सीहोर, रायसेन, विदिशा, धार, नर्मदापुरम, इंदौर, जबलपुर, रीवा, श्योपुर, टीकमगढ़, उज्जैन, रतलाम, मंदसौर, खरगोन, शिवपुरी, मऊगंज, उमरिया और बड़वानी में भी बारिश हुई। अधिकांश जिलों में देर रात तक बारिश का दौर जारी रहने की चेतावनी है।
विज्ञापन
विज्ञापन


राजगढ़ और आगर-मालवा में भारी बारिश
पिछले 24 घंटे में राजगढ़ जिले के ब्यावरा में करीब 9 इंच, खिलचीपुर में 8 इंच और जीरापुर में 7.7 इंच बारिश दर्ज की गई। आगर-मालवा के सोयतकलां में भी करीब 7.7 इंच बारिश हुई। गुना, शाजापुर, नरसिंहपुर, मंदसौर और उज्जैन के कई क्षेत्रों में भी अच्छी बारिश हुई।

बड़ा तालाब भरने की ओर
लगातार बारिश का सबसे बड़ा असर भोपाल के बड़े तालाब पर दिख रहा है। एक दिन में करीब पौन फीट पानी बढ़ने के बाद जलस्तर 1663 फीट पहुंच गया है। इससे भोपाल के प्रमुख जलस्रोत की स्थिति काफी बेहतर हुई है। कोलार, केरवा और कलियासोत बांध में भी पानी की आमद बढ़ी है। नर्मदा के जलस्तर में बढ़ोतरी से इंदिरा सागर और ओंकारेश्वर बांध में भी पानी बढ़ रहा है।

नर्मदा 48 घंटे में 10 फीट बढ़ी
नर्मदापुरम में लगातार बारिश के कारण नर्मदा नदी का जलस्तर 48 घंटे में करीब 10 फीट बढ़ गया। सेठानी घाट पर जलस्तर 946.40 फीट पहुंच गया है। तवा बांध का जलस्तर भी करीब 8.5 फीट बढ़कर 1137.70 फीट हो गया। फिलहाल तवा बांध का जलस्तर निर्धारित सीमा से नीचे है, इसलिए उसके गेट खोलने की जरूरत नहीं बताई गई है।

खरगोन में बांध के गेट खुले, 24 गांवों में अलर्ट
लगातार बारिश से खरगोन के अपरवेदा बांध का जलस्तर बढ़ने के बाद गेट खोले गए। बांध से करीब 340 क्यूमेक पानी छोड़ा जा रहा है। निचले क्षेत्र के 24 गांवों में अलर्ट जारी किया गया है। आगर-मालवा के कुंडालिया और उमरिया के जोहिला बांध से भी पानी छोड़ा जा रहा है।लगातार बारिश के कारण रतलाम के सागोद रोड स्थित रेलवे अंडरब्रिज में पानी भर गया। कई वाहन पानी में फंसकर बंद हो गए। मंदसौर में शिवना नदी का जलस्तर बढ़ने से पशुपतिनाथ मंदिर की छोटी पुलिया भी पानी में डूब गई। कालाभाटा बांध के दो गेट खोले गए हैं।


प्रदेश में अब तक 19 इंच बारिश
मौसम विभाग के अनुसार मध्य प्रदेश में अब तक करीब 19 इंच बारिश हुई है। यह सामान्य बारिश से लगभग 3.5 इंच कम है। प्रदेश के पूर्वी हिस्से में सामान्य से करीब 18 प्रतिशत और पश्चिमी हिस्से में करीब 13 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। अभी भी 46 जिलों में सामान्य से कम बारिश हुई है। कुछ जिलों में बारिश की कमी 4 से 57 प्रतिशत तक है।


यह भी पढ़े- एमपी में मिलावटी घी-दूध पर बड़ी कार्रवाई: 73 नमूने फेल, भोपाल के 13 घी असुरक्षित,लापरवाही पर 3 अधिकारी निलंबित

अगले चार दिन अहम
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक उत्तर मध्य प्रदेश और आसपास बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण पिछले दिनों भारी बारिश हुई। अब बंगाल की खाड़ी में नया सिस्टम सक्रिय हुआ है। इसके प्रभाव से 12 अगस्त के आसपास फिर कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। ऐसे में अगले चार दिन प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण रहेंगे। मंगलवार को नीमच, मंदसौर, रतलाम, आलीराजपुर, आगर-मालवा, राजगढ़, गुना, शिवपुरी, श्योपुर और मुरैना में भारी बारिश का अलर्ट रहा। भोपाल समेत प्रदेश के कई अन्य जिलों में भी हल्की से तेज बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।

 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed