{"_id":"6071f93f67ac50097d726589","slug":"a-doctor-resigns-from-government-job-after-over-misbehavior-of-congress-mla-and-supporter-in-madhya-pradesh","type":"story","status":"publish","title_hn":"मध्यप्रदेश: कांग्रेस विधायक और समर्थक के दुर्व्यवहार से दुखी डॉक्टर ने शासकीय नौकरी से दिया इस्तीफा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
मध्यप्रदेश: कांग्रेस विधायक और समर्थक के दुर्व्यवहार से दुखी डॉक्टर ने शासकीय नौकरी से दिया इस्तीफा
Sun, 11 Apr 2021 12:45 AM IST
Kuldeep Singh
पीटीआई, भोपाल
पीटीआई, भोपाल
Published by: Kuldeep Singh
Updated Sun, 11 Apr 2021 12:45 AM IST
सार
- वरिष्ठ चिकित्सक से दुर्व्यवहार की घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
- मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपील की है कि सभी लोग सभ्य और जिम्मेदार नागरिक होने का दें परिचय
विज्ञापन
कांग्रेस के विधायक एवं प्रदेश के पूर्व मंत्री पीसी शर्मा
- फोटो : Facebook
विस्तार
भोपाल के एक सरकारी अस्पताल में एक मरीज की मौत होने पर कांग्रेस के विधायक एवं प्रदेश के पूर्व मंत्री पीसी शर्मा और उनके समर्थक पूर्व पार्षद द्वारा वरिष्ठ चिकित्सक से दुर्व्यवहार की घटना पर दुखी होकर चिकित्सक ने शासकीय नौकरी से इस्तीफा दे दिया है।
विज्ञापन
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपील की है कि सभी लोग सभ्य और जिम्मेदार नागरिक होने का परिचय दें तथा डॉक्टर का मनोबल गिराने की जगह उनका मनोबल बढ़ाएं।
विज्ञापन
आज जेपी अस्पताल में जो घटना हुई, ऐसी घटनाओं से दिन और रात कार्यरत हमारे डॉक्टर्स, पैरामेडिकल स्टाफ और चिकित्सा सेवाओं से जुड़े लोगों का मनोबल गिरता है।
विज्ञापन विज्ञापन
मैं पुनः अपील करता हूँ, सभी लोग सभ्य और ज़िम्मेदार नागरिक होने का परिचय दें, डॉक्टर्स का मनोबल गिराने की जगह उनका मनोबल बढ़ाएँ। — Shivraj Singh Chouhan (@ChouhanShivraj) April 10, 2021
भोपाल के शासकीय जेपी अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ राकेश श्रीवास्तव ने शनिवार को बताया, एक मरीज की मौत के बाद कुछ नेताओं ने वरिष्ठ डॉक्टर योगेन्द्र श्रीवास्तव से दुर्व्यवहार किया जिससे व्यथित होकर डॉक्टर ने सरकारी नौकरी से इस्तीफा दे दिया है।
उन्होंने बताया कि शनिवार सुबह एक मरीज को गंभीर हालत में अस्पताल के ट्रामा वार्ड में भर्ती किया गया था। डॉ योगेन्द्र श्रीवास्तव ने भर्ती होने के समय ही मरीज के परिजन को मरीज की गंभीर हालत के बारे में बता दिया था। उपचार के दौरान दोपहर में मरीज की मौत होने के बाद कुछ नेताओं ने डॉक्टर के साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार किया। इस घटना से दुखी होकर डॉक्टर योगेन्द्र ने अपना इस्तीफा सौंप दिया।
घटना का एक वीडियो भी वायरल हुआ है जिसमें कांग्रेस के विधायक पीसी शर्मा एवं उनके समर्थक पूर्व पार्षद योगेन्द्र चौहान डॉक्टर श्रीवास्तव से बात कर रहे हैं। वीडियो में विधायक शर्मा, डॉक्टर से सामान्य तौर पर जबकि चौहान तेज आवाज में बात करते दिखाई पड़ रहे हैं।
इस वीडियो के वायरल होने के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट में कहा, आज की घटना की कारण जेपी अस्पताल में एक वरिष्ठ चिकित्सक ने अत्यंत व्यथित होकर इस्तीफा तक सौंप दिया है। हम एक सभ्य समाज में रह रहे हैं, इस समय जब साथ मिलकर खड़े होने की जरूरत है, ऐसे में हंगामा करना न तो जनहित में है और न ही इससे कोविड-19 का मुकाबला किया जा सकता है।
इस मामले में प्रदेश के पूर्व विधि मंत्री पीसी शर्मा ने मीडिया से कहा, मेरे क्षेत्र के एक गरीब व्यक्ति को गंभीर हालत में अस्पताल भर्ती कराया गया था। सुबह डॉक्टर उसे निजी अस्पताल में ले जाने के लिए कह रहा था। मरीज के परिजन और मेरे काफी प्रयास के बावजूद डॉक्टर मुझसे फोन पर बात नहीं कर रहे थे। अंतत: दोपहर को जब मैं वहां गया तो मरीज की मौत हो चुकी थी।
शर्मा ने सवाल किया कि ऐसी परिस्थितियों में क्या एक संवेदनशील व्यक्ति को गुस्सा नहीं आएगा। इस स्थिति में मेरे एक समर्थक ने डॉक्टर से तेज आवाज में बात की। जिसके लिए मैंने बाद में डॉक्टर से माफी भी मांग ली।
