यूपी: 'योग्यता को सम्मान, संकट में किसानों को संबल', योगी बोले- पहले होता था नौजवानों के सपनों का सौदा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भैया दूज और चित्रगुप्त पूजन के अवसर पर प्रदेशवासियों को बधाई दी। उन्होंने 2017 से पहले की सरकारों पर भाई-भतीजावाद और संवेदनहीनता का आरोप लगाते हुए कहा कि वर्तमान डबल इंजन सरकार योग्यता और पारदर्शिता को प्राथमिकता दे रही है।
विस्तार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को भैया दूज और चित्रगुप्त पूजन की शुभकामनाएं देते हुए राजस्व विभाग में नवचयनित 1,146 कनिष्ठ सहायकों को अग्रिम बधाई दी है। उन्होंने संकटग्रस्त किसान परिवारों के 4,300 लाभार्थियों को ₹215 करोड़ की सहायता राशि वितरित करने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने 'एक्स' पर पोस्ट कर 2017 से पहले की सरकार की संवेदनहीनता को भी उजागर किया।
मुख्यमंत्री ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए कहा कि युवाओं की प्रतिभा को सम्मान और संकट की घड़ी में अन्नदाता के परिवार को संबल प्रदान करना डबल इंजन सरकार का संकल्प है। इसी संकल्प के विस्तार में बुधवार को लखनऊ में उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा निष्पक्ष एवं पारदर्शी प्रक्रिया से राजस्व विभाग के लिए नव-चयनित 1,146 कनिष्ठ सहायकों को नियुक्ति-पत्र वितरित किए जाएंगे। इसके साथ ही मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के अंतर्गत 4,300 लाभार्थियों को ₹215 करोड़ की सहायता राशि भी वितरित की जाएगी।
2017 से पहले नौजवानों के सपनों का होता था सौदा
मुख्यमंत्री ने बताया कि आज का यह कार्यक्रम उस बदली हुई कार्य-संस्कृति का प्रमाण है, जिसमें युवाओं को योग्यता के आधार पर अवसर और संकटग्रस्त किसान परिवारों को सम्मानपूर्वक सहायता मिल रही है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले स्थिति इसके ठीक विपरीत थी। तब नौजवानों के सपनों का सौदा होता था और संकट में घिरे अन्नदाता किसान परिवार सहायता के लिए दर-दर भटकते थे।
बदली कार्य संस्कृति: योग्यता का सम्मान
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार ने इस कार्य-संस्कृति को बदला है। आज सरकारी नौकरी में सिफारिश नहीं, बल्कि योग्यता का सम्मान होता है। वहीं, दुर्घटना से प्रभावित किसान परिवारों को संकट की घड़ी में सरकार का संबल मिलता है। मुख्यमंत्री ने सभी नव-चयनित युवाओं को अग्रिम बधाई दी।