19 मार्च को योगी देंगे अपनी सरकार के दो साल का हिसाब, अगले तीन वर्ष की कार्ययोजना भी बताएंगे
उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार 19 मार्च को दो वर्ष पूरा करने जा रही है। मुख्यमंत्री योगी इस मौके पर सपा-बसपा के दस वर्ष की तुलना में अपनी सरकार के दो वर्ष की उपलब्धियां गिनाएंगे। वह आगे के तीन वर्ष की कार्ययोजना भी साझा कर सकते हैं।
लोकसभा चुनाव आचार संहिता के बीच योगी सरकार अपने कार्यकाल के दो वर्ष पूरे कर रही है। प्रदेश के मुख्य विपक्षी दल सपा और बसपा लोकसभा चुनाव मिलकर लड़ रहे हैं। लिहाजा भाजपा सरकार, सपा-बसपा के 10 वर्ष के शासनकाल में हुए कार्यों की तुलना कर अपने दो वर्ष की उपलब्धियों का लेखाजोखा पेश करने की तैयारी कर रही है। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री योगी 19 मार्च को मीडिया के बीच अपनी सरकार की उपलब्धियों को साझा करेंगे।
मुख्यमंत्री किसान ऋण माफी, भव्य कुंभ-दिव्य कुंभ व भारतीय प्रवासी दिवस के सफल आयोजन, किसान सम्मान निधि योजना में प्रदेश के सर्वाधिक किसानों को लाभ के अलावा शौचालय व पीएम आवास निर्माण तथा उज्जवला, उजाला तथा सौभाग्य जैसी योजनाओं में राष्ट्रीय स्तर पर बेहतरीन प्रदर्शन का खासतौर से उल्लेख करेंगे।
प्रदेश में बेहतर कानून-व्यवस्था के दावे के साथ निवेश को लेकर बदले माहौल के आंकड़े भी तैयार किए गए हैं। सिंचाई के क्षेत्र में वर्षों से लंबित परियोजनाओं को पूरा करने के अलावा लोक कल्याण संकल्प-पत्र में किए गए वादों पर अमल की बानगी भी दी जा सकती है।
सुधार के लिए किए गए प्रयासों का होगा जिक्र
सपा-बसपा शासनकाल किस तरह कुशासन व भ्रष्टाचार का पर्याय रहा, इसका खास तौर से उल्लेख किए जाने की योजना है। साथ ही इस स्थिति में किस तरह सुधार हुआ है और सरकार ने इसके लिए क्या-क्या कदम उठाए हैं, इसे विस्तार से साझा करने की तैयारी है। बताया जा रहा है किमुख्यमंत्री अपनी सरकार के आगामी तीन वर्ष की कार्ययोजना का भी संकेत कर सकते हैं।
मुख्यमंत्री 19 को लखीमपुर जाएंगे, गोरखपुर में मनाएंगे होली
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 24 मार्च से चुनावी रैलियां शुरू कर सकते हैं। हालांकि अभी यह तय नहीं है कि रैली कहां से शुरू होगी। मुख्यमंत्री 19 को लखीमपुर खीरी जाएंगे। 20 व 21 मार्च को वह गोरखपुर रहेंगे। मुख्यमंत्री वहां होली के मौके पर परंपरागत तरीके से आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होंगे।