मुश्किल में योगी आदित्यनाथ, केस दर्ज!
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रशासन की अनुमति के बिना बुधवार को लखनऊ के मुंशीपुलिया चौराहे पर सभा करने पर गोरखपुर के भाजपा सांसद योगी आदित्यनाथ के खिलाफ केस दर्ज हो गया है। योगी आदित्यनाथ के खिलाफ केस दर्ज करने में पूरे एक दिन लग गए जबकि पार्टी के प्रत्याशी गोपाल टंडन के खिलाफ बुधवार रात ही मामला दर्ज हो गया था।
यह हाल तब रहा जब पुलिस के पास सभा की डीवीडी मौजूद थी। गाजीपुर थाने में बृहस्पतिवार को दर्ज हुए मुकदमे में योगी आदित्यनाथ समेत पांच नेताओं के नाम शामिल हैं। इंस्पेक्टर गाजीपुर अजीत सिंह चौहान ने बताया कि आशुतोष उर्फ गोपाल टंडन के खिलाफ बुधवार रात मुकदमा दर्ज किया गया था।
बृहस्पतिवार को दर्ज मुकदमे में सांसद योगी आदित्यनाथ, जगदंबिका पाल, लल्लू सिंह, विधायक सतीश महाना व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी के नाम शामिल हैं।
गौरतलब है कि लखनऊ पूरब विधानसभा सीट उपचुनाव के प्रत्याशी के समर्थन में मुंशी पुलिया चौराहे पर सांसद योगी आदित्यनाथ की सभा को लेकर भाजपा नगर के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष मान सिंह ने जिला प्रशासन को अर्जी देकर इजाजत मांगी थी। प्रशासन ने सभा की इजाजत नहीं दी। इसके बावजूद योगी आदित्यनाथ व अन्य नेताओं ने वहां सभा की।
आयोग ने मांगी रिपोर्ट
योगी की सभा के बाद यूपी के मुख्य निर्वाचन अधिकारी उमेश सिन्हा ने बताया कि केंद्रीय चुनाव आयोग ने मामले की रिपोर्ट तलब की है।
आयोग को दो सीडी भेजी गई हैं। इसमें एक प्रशासन द्वारा तो दूसरी पुलिस द्वारा प्रेषित की गई है।
वहीं योगी आदित्यनाथ ने कथित तौर पर भड़काऊ भाषण का जवाब चुनाव आयोग को दे दिया। उन्होंने लखनऊ में की गई सभा से पहले मीडिया से बातचीत में कहा कि चुनाव आयोग द्वारा नोटिस जारी करना ये दिखाता है कि प्रशासन सत्ता के दबाव में काम कर रहा है।
सपा पर हमलावर रहे योगी
लखनऊ में आयोजित जनसभा में योगी आदित्यनाथ ने सपा सरकार पर जमकर हमला किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार राष्ट्रवादी विचारधारा के लोगों को दंगाई बताकर जेल में डालती है और वास्तविक दंगाइयों को मुख्यमंत्री अखिलेश यादव अपने हाथों से सम्मानित करते हैं।
हमें सांप्रदायिक कहने वाले खुद ही एक वर्ग को संतुष्ट करने में लगे हुए हैं। प्रदेश में अब लोकतंत्र को भी बचाना है। इसलिए उपचुनाव में जनता हर सीट पर भाजपा को जीत दिलाएगी। इसके साथ ही सपा सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो जाएगी।
मुंशी पुलिया पर पार्टी प्रत्याशी आशुतोष टंडन ऊर्फ गोपाल टंडन के समर्थन में आयोजित सभा में योगी आदित्यनाथ प्रदेश सरकार पर जमकर बरसे।
उन्होंने कहा, निघासन, ठाकुरद्वारा, मैनपुरी और लखनऊ में मेरी जनसभा थी, मगर एक-एक कर चारों जगह पर सभा करने पर मनाही कर दी गई। आखिरकार मैंने तय किया कि इस अन्याय के खिलाफ लखनऊ में जनसभा जरूर करूंगा।
विकास पर ध्यान नहीं
आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार का ध्यान प्रदेश के विकास पर बिल्कुल नहीं
है। वह केवल तानाशाही रवैये के तहत भाजपा को दबाने पर लगी हुई है। सपा राज
में बदहाल सड़कें, खराब कानून-व्यवस्था, बिन बिजली की रातें और महिलाओं की
लुटती आबरू सूबे की पहचान बन चुकी है।
इसीलिए अब जरूरत तस्वीर
बदलने की है। लालजी टंडन के कार्यकाल की मिसाल देते हुए उन्होंने कहा कि
उन्होंने शिया-सुन्नी के बीच के झगड़े को खत्म करवा दिया। भाजपा सर्व समाज
की पार्टी है।
सबका साथ और सबका विकास की बात करती है। हमने
राष्ट्रवाद और न्याय की बात की तो हमें दंगाई और सांप्रदायिक कहा गया।
हमारे कार्यकर्ताओं को जेल में ठूंस दिया गया, मगर मुख्यमंत्री ने वास्तविक
दंगाइयों को अपने हाथ से सम्मानित किया।
मुजफ्फरनगर, बरेली, सहारनपुर, टांडा हर जगह ऐसा ही हुआ। इसलिए अब सपा सरकार को सत्ता से उखाड़ फेंकने का समय नजदीक आ गया है।