कोरोना पर विशेष सतर्कता: मुख्यमंत्री योगी ने अस्पतालों में आइसोलेशन वार्ड बनाने के दिए निर्देश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
चीन के वुहान शहर में फैले कोरोना वायरस के प्रकोप को देखते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में भी विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने हर जिला अस्पताल व मेडिकल कॉलेज में 10 बेड का आइसोलेशन वार्ड बनाने के निर्देश दिए हैं।
सोमवार को स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में उन्होंने कहा, इंडो-नेपाल बॉर्डर और एयरपोर्ट पर विशेष सतर्कता बरती जाए। चीन से आने वाले यात्रियों पर भी नजर रखी जाए। सीएम ने अधिकारियों से कहा कि वे स्वास्थ्य मंत्रालय के साथ समन्वय करके कोरोना वायरस से निपटने के लिए जरूरी कदम उठाएं।
इससे पहले योजना भवन में प्रमुख सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य देवेश चतुर्वेदी ने नोवल कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव, उपचार व रोकथाम के लिए प्रदेश में संवेदनशील देशों की सीमा से सटे जिलों, प्रमुख पर्यटन स्थलों, एयरपोर्ट पर सभी तैयारियां रखने के निर्देश दिए। प्रदेश के सभी बड़े चिकित्सा संस्थानों को भी अलर्ट पर रखा गया है।
ये दिए गए निर्देश
- जिलों में मरीजों के लिए आइसोलेशन वार्ड, दवाएं, डॉक्टरों व अन्य स्टाफ के प्रयोग में आने वाली सामग्री की पूरी व्यवस्था की जाए।
- वाराणसी और लखनऊ के एयरपोर्ट पर स्थापित चिकित्सा शिविर की सूचना को प्रदर्शित रखा जाए।
- पर्यटन विभाग नेपाल, चीन, थाईलैंड और वियतनाम से आने वाले पर्यटकों की जानकारी जिला प्रशासन को उपलब्ध कराए। अस्वस्थ होने पर सरकारी अस्पतालों में भर्ती कराया जाए।
- सभी सात एयरपोर्ट पर थर्मल स्कैनिंग की व्यवस्था रखने, बुखार नापने के लिए ओरल थर्मामीटर का प्रयोग न करने, अस्पतालों की ओपीडी में संवेदनशील देशों से आए नागरिकों का ब्यौरा रखने के निर्देश भी दिए।