Investment in UP : लखनऊ, सीतापुर और अमेठी में निवेश करेंगे जाने-माने औद्योगिक घराने, नोएडा में बनेंगे दो अस्पताल
लखनऊ में पावर ग्रिड लगाएगा 1120 करोड़ रुपये की परियोजना। अमेठी में एसएलएमजी बेवरेजेज करेगी 700 करोड़ का निवेश। सीतापुर में राडिको खेतान लगाएगा 550 करोड़ से बॉटलिंग प्लांट।
विस्तार
पावरग्रिड कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लि. लखनऊ में 1,120 करोड़ रुपये की लागत से परियोजना लगाएगा। इसमें वर्ष 2024 में उत्पादन शुरू हो जाएगा। इसी तरह से एसएलएमजी बेवरेजेज प्रा. लि. अमेठी में अप्रैल 2023 तक 700 करोड़ रुपये लागत की अपनी इकाई प्रारंभ करेगी। वहीं राडिको खेतान सीतापुर में जुलाई 2022 से मार्च 2023 के बीच 550 करोड़ रुपये लागत से बॉटलिंग प्लांट की स्थापना कर उत्पादन शुरू करेगा। इसके अलावा नोएडा और ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में भी हजारों करोड़ रुपये के निवेश के लिए शिलान्यास किया गया। इन सभी प्रस्तावित इकाइयों में उत्पादन की तिथि भी तय कर दी गई है।
बेकरी उत्पादों के लिए मशहूर एबी मौरी कंपनी पीलीभीत में 1100 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। जनवरी 2025 के प्रारंभ में इसमें उत्पादन शुरू हो जाएगा। गोरखपुर में गैलंट इस्पात लि. का 820 करोड़ रुपये लागत की इकाई अक्तूबर 2022 में उत्पादन प्रारंभ करेगी।
ऊर्जा के क्षेत्र में एसजीवीएन लि. ने जालौन (बुंदेलखंड) में निवेश करने का फैसला किया है। 791 करोड़ रुपये का उसके प्रोजेक्ट का पहला चरण अगस्त 2022 और दूसरा चरण मई 2023 में प्रारंभ होगा। इसके अलावा यूपी के विभिन्न जिलों में 52 कंपनियां 200 से 500 करोड़ रुपये तक निवेश करेंगी। ये कुल निवेश 15,614 करोड़ रुपये का होगा। 10 करोड़ से 200 करोड़ रुपये तक का निवेश करने वाली 342 कंपनियां हैं। इनका कुल निवेश 16,339 करोड़ रुपये का होगा।
अन्य प्रमुख बड़े निवेशक (उत्पादन प्रारंभ करने का वर्ष एवं लागत रुपये में)
- एनआईडीपी प्रा. लि. ग्रेटर नोएडा में (सितंबर 2022, 9100 करोड़)
- अदाणी इंटरप्राइजेज लि. नोएडा में (जुलाई 2025, 2706 करोड़)
- अदाणी इंटरप्राइजेज लि. नोएडा में (जून 2024, 2416 करोड़)
- नोएडा अपैरल एक्सपोर्ट क्लस्टर (जून 2025, 3500 करोड़)
- सिफी टेक्नॉलोजी लि. नोएडा में (सितंबर 2023, 2692 करोड़)
- माइक्रोसॉफ्ट इंडिया (आरएंडडी) प्रा. लि. (वर्ष 2025, 2186 करोड़)
- एनटीटी ग्लोबल डाटा सेंटर एंड क्लाउड (अप्रैल 2023, 1687 करोड़)
- फेयरफॉक्स आईटी इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड (मार्च 2024, 1200 करोड़)
- एसटीटी ग्लोबल डाटा सेंटर इंडिया प्रा. लि. (अक्तूबर 2022, 1130 करोड़ )
- केयान डिस्टिलरी प्रा. लि. गोरखपुर में (अप्रैल 2023, 702 करोड़)
- एससीसी लि. सोनभद्र में (जून 2024, 600.80 करोड़)
- डालमिया भारत ग्रीन विजन लि. मिर्जापुर में (अप्रैल 2024, 600 करोड़)
फेलिक्स ग्रुप ने किया नोएडा में दो अस्पताल बनाने का एलान
ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी-3 में फेलिक्स अस्पताल ने भी नोएडा में दो नए अत्याधुनिक अस्पताल बनाने का एलान किया है। फेलिक्स अस्पताल के संस्थापक डॉ. डीके गुप्ता ने बताया फेलिक्स के नए अत्याधुनिक अस्पतालों में बोन मैरो ट्रांसप्लांट, लीवर ट्रांसप्लांट, क्रिटिकल केयर, सर्जरी, आईवीएफ, कैंसर, न्यूरो सर्जरी, मस्कुलोस्केलेटल डिसऑर्डर, चेस्ट सर्जरी और ईसीएमओ जैसी सभी सुविधाएं होंगी।
अस्पताल की डायरेक्टर डॉ. रश्मि गुप्ता ने बताया कि नए अस्पतालों से शहर में 1100 से अधिक रोजगार के अवसर सृजित होंगे। फेलिक्स हॉस्पिटल नोएडा सेक्टर-137 में 200 से अधिक बेड और नोएडा के सेक्टर-75 में 250 बेड के साथ अत्याधुनिक सेवाएं उपलब्ध कराएगा। इसके अलावा 250 करोड़ से अधिक के निवेश के साथ फेलिक्स हॉस्पिटल हेल्थकेयर फॉर ऑल का विजन साझा करेगा।