Lucknow : वसीम रिजवी का गिरफ्तारी वारंट जारी, खलीफाओं के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी का है मामला
वसीम रिजवी उर्फ जितेंद्र नारायण त्यागी के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया है। मामले की अगली सुनवाई के लिए 12 फरवरी की तारीख तय की गई है।
विस्तार
सुन्नी समुदाय के खलीफाओं के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां करने वाली फिल्म का ट्रेलर लांच करने और धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोपी शिया वक्फ बोर्ड के तत्कालीन चेयरमैन वसीम रिजवी उर्फ जितेंद्र नारायण त्यागी के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी हुआ है। एसीजेएम अम्बरीश श्रीवास्तव ने मामले की सुनवाई के लिए 12 फरवरी की तारीख तय की है।
पत्रावली के अनुसार सहाबा एक्शन कमेटी के अध्यक्ष अब्दुल वाहिद फारूकी ने चौक कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसमें कहा कि 19 नवंबर 2018 को प्रेस कॉन्फ्रेंस करके शिया वक्फ बोर्ड के चेयरमैन वसीम रिजवी ने राम जन्मभूमि नाम की फिल्म का ट्रेलर जारी किया। बताया गया कि वादी ने यू ट्यूब पर उक्त ट्रेलर देखा तो पाया कि लेखक व निर्माता वसीम रिजवी की फिल्म में सुन्नी समुदाय के खलीफाओं के खिलाफ बेहद आपत्तिजनक टिप्पणियां की गई हैं। इससे सुन्नी समुदाय की भावनाएं आहत हुई हैं।
ये भी पढ़ें - Triple Murder PHOTOS: गाड़ी रुकते ही उतरा 'गब्बर'... सबसे पहले हंजला को मारी गोली; मुनीर के बाद फरहीन को किया छलनी
ये भी पढ़ें - VIDEO वायरल: मलिहाबाद के तिहरे हत्याकांड का एक और वीडियो आया सामने, घर में घुस कर तीनों को भून डाला
वादी को यह भी पता चला कि आरोपी ने फिल्म के प्रदर्शन के लिए फिल्म प्रमाणन बोर्ड के पास कोई आवेदन नहीं किया है और सेंसर बोर्ड ने भी फिल्म को पास नहीं किया है। आरोप लगाया गया कि आरोपी वसीम रिजवी फिल्म का ट्रेलर लांच करके शिया व सुन्नी समुदाय के बीच वैमनस्यता फैलाकर दंगा कराना चाहता है।