फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Lucknow News ›   voting tomorrow, to decide fate of western uttar pradesh

कल वोटिंग, आज जानिए वेस्ट यूपी की 12 सीटों का हाल

Wed, 09 Apr 2014 02:50 PM IST
टीम डिजिटल/अमर उजाला, लखनऊ
टीम डिजिटल/अमर उजाला, लखनऊ Updated Wed, 09 Apr 2014 02:50 PM IST
विज्ञापन
voting tomorrow, to decide fate of western uttar pradesh

पश्चिमी यूपी की दस लोकसभा सीटों पर 10 अप्रैल को वोटिंग होनी है। उर्वरा जमीन और खुशहाल इलाके के बदहाल गन्ना किसानों और जर्जर सड़कों वाले इस इलाके की राजनीति में मुजफ्फरनगर दंगा और मोदी इफेक्ट का असर साफ नजर आ रहा है।

विज्ञापन


यूपी में पहले चरण के मतदान वाले दोआबे के इस भूभाग की अधिकांश सीटें वोटों के ध्रुवीकरण की प्रयोगशाला बनती दिख रही हैं।

राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष चौधरी अजित सिंह, मुंबई पुलिस के पूर्व कमिश्नर सत्यपाल सिंह, पूर्व सेनाध्यक्ष वीके सिंह, राज बब्बर, जयाप्रदा, नगमा के साथ ही प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री शाहिद मंजूर की किस्मत का फैसला इसी चरण में होना है।

विज्ञापन

माया नहीं, अबकी मोदी का जादू

voting tomorrow, to decide fate of western uttar pradesh

वर्ष 2012 के विधानसभा चुनाव में सपा को भले ही पूर्ण बहुमत मिल गया हो लेकिन पश्चिमी यूपी में बसपा ने बढ़त कायम रखी थी।

तब इन दस लोकसभा सीटों में पड़ने वाले 50 विधानसभा क्षेत्रों में बसपा के 18, सपा के 12, भाजपा के दस और रालोद-कांग्रेस के पांच-पांच विधायक चुने गए।

दो साल में ही माहौल बदला-बदला सा है। सभी सीटों पर भाजपा मजबूती से चुनाव लड़ती दिख रही है तो कहीं सपा, बसपा तो कहीं कांग्रेस-रालोद उसे टक्कर दे रहे हैं।

इस इलाके में मुस्लिम वोट अच्छी तादाद में हैं। अपने चुनावी समीकरणों को दुरुस्त करने के लिए गैर भाजपा दलों की नजरें मुस्लिम वोटों पर टिकी हुई हैं।

सहारनपुर: मोदी बनाम मसूद में बंटा वोट

voting tomorrow, to decide fate of western uttar pradesh

दंगों के बाद बदली सियासत में भी बसपा ने वर्तमान सांसद जगदीश राणा को फिर से मैदान में उतारा है।

भाजपा ने विधायक राघव लखनपाल को प्रत्याशी बनाया है तो कांग्रेस ने पूर्व विधायक इमरान मसूद और सपा ने शाजान मसूद पर दांव लगाया है। दोनों चचेरे भाई हैं।

इमरान मसूद वही नेता हैं, जिन्होंने पिछले दिनों मोदी पर तल्ख टिप्पणी करने के मामले में जेल का चक्कर लगाया था। मसूद के मोदी बयान से वोटों का जबरदस्त ध्रुवीकरण हो सकता है।

फिलहाल मुख्य लड़ाई भाजपा और कांग्रेस के बीच मानी जा रही है लेकिन बसपा और सपा की चुनौतियां भी कम नहीं हैं।

विज्ञापन

मुजफ्फरनगर: दंगा आरोपी ही मैदान में

voting tomorrow, to decide fate of western uttar pradesh

वेस्ट यूपी की किसी सीट पर दंगे का सर्वाधिक प्रभाव दिख रहा है तो वह मुजफ्फरनगर है। हो भी क्यों न, यहीं दंगों का सबसे विद्रूप असर देखने को मिला। सियासत भी जमकर हुई।

दंगों के बाद माहौल परखा गया और यहां भाजपा ने संजीव बालियान और बसपा ने मौजूदा सांसद कादिर राणा को मैदान में उतारा। दोनों ही दंगों के आरोपी हैं।

सपा ने पूर्व मंत्री वीरेंद्र सिंह गुर्जर और कांग्रेस ने मुजफ्फरनगर नगर पालिका परिषद के चेयरमैन पंकज अग्रवाल पर दांव लगाया है।

यहां वोटर मुखर हैं, मतदान पर सांप्रदायिक ध्रुवीकरण हावी रहने की संभावनाएं जताई जा रही हैं।

कैराना: बड़ी चुनौती ध्रुवीकरण की

voting tomorrow, to decide fate of western uttar pradesh

भाजपा विधानमंडल दल के नेता हुकुम सिंह इस सीट पर दोहरी चुनौतियों से घिरे हुए हैं।

मोदी लहर और दंगों के बाद उपजे माहौल में जीत की संभावना तलाश रहे हुकुम को सपा के नाहिद हसन, बसपा के कंवर हसन और रालोद के करतार सिंह भड़ाना से जूझना पड़ रहा है।

फैसला बहुत कुछ मुस्लिम मतों के रुझान पर निर्भर है। राजनीति के जानकार अंतिम समय में वोटों के ध्रुवीकरण की संभावना जता रहे हैं।

बिजनौर: जयाप्रदा का ग्लैमर दांव पर

voting tomorrow, to decide fate of western uttar pradesh

इस संसदीय सीट में दो विधानसभा सीटें मुजफ्फरनगर की, दो बिजनौर और एक मेरठ जिले की है।

तिहरे हत्याकांड के बाद मुजफ्फरनगर दंगे का सबब बना कवाल गांव और पंचायतों का केंद्र रहा नंगला मंदौड़ बिजनौर सीट में आते हैं।

यहां से भाजपा ने बिजनौर के विधायक और दंगे के आरोपी भारतेंद्र सिंह को मैदान में उतारा है। रालोद ने रामपुर से लगातार दो बार सांसद रहीं जयाप्रदा को टिकट दिया है।

बसपा से पूर्व विधायक मलूक नागर ताल ठोक रहे हैं तो सपा से पूर्व विधायक शाहनवाज राणा मैदान में हैं। यहां भी एक तिहाई से ज्यादा मुस्लिम वोटों पर सभी नजरें टिकी हैं।

मेरठ: नगमा के स्टारडम का टेस्ट

voting tomorrow, to decide fate of western uttar pradesh

मेरठ लोकसभा सीट पर मौजूदा सांसद भाजपा के राजेंद्र अग्रवाल को सपा प्रत्याशी एवं मंत्री शाहिद मंजूर, बसपा प्रत्याशी पूर्व सांसद और पूर्व मेयर शाहिद अखलाक और कांग्रेस की नगमा की चुनौती का सामना करना पड़ रहा है।

सभी की नजरें मुस्लिम वोटों पर लगी हैं। राजनीतिक विश्लेषक मानते हैं कि मुस्लिम वोटों का बहुमत हासिल करने वाला ही भाजपा के साथ मुकाबले में रहेगा।

फिल्म अभिनेत्री नगमा को सुनने, देखने के लिए भीड़ तो उमडी लेकिन उन्हें कांग्रेस के जर्जर ढांचे और गुटबंदी से रू-ब-रू होना पड़ रहा है।

‘आप ’के डॉ. हिमाशु सिंह चुनाव में उपस्थिति दिखाने की कोशिश में लगे हैं।

बागपत: दांव पर छोटे चौधरी की प्रतिष्ठा

voting tomorrow, to decide fate of western uttar pradesh

चौधरी चरण सिंह की कर्मभूमि और अलग मिजाज के लिए देश भर में पहचान रखने वाले बागपत संसदीय सीट पर चौधरी अजित सिंह की प्रतिष्ठा दांव पर है।

13 महीने के अल्प कार्यकाल को छोड़कर वे 1989 से लगातार यहां सांसद हैं। उन्हें भाजपा के डॉ. सत्यपाल सिंह, सपा के गुलाम मोहम्मद और बसपा के प्रशांत चौधरी से चुनौती मिल रही है।

अजित जाट-मुस्लिम समीकरण के भरोसे चुनाव जीतते रहे हैं। मुजफ्फरनगर दंगे ने इस समीकरण को काफी हद तक छिन्न भिन्न किया है। उनके सामने परंपरागत वोटरों से इतर समर्थन जुटाने की चुनौती है।

गाजियाबाद: वीके-राज बब्बर से हॉट हुई सीट

voting tomorrow, to decide fate of western uttar pradesh

पूर्व सेनाध्यक्ष वीके सिंह के भाजपा और राज बब्बर के कांग्रेस से चुनाव मैदान में आने से यह सीट हॉट हो गई है।

यहां बसपा से मुकुल उपाध्याय, सपा से सुधन रावत के साथ ही आम आदमी पार्टी की शाजिया इल्मी चुनाव लड़ रही हैं। सुधन को छोड़कर शेष सभी उम्मीदवार बाहरी हैं।

यहां भी नजर इस बात पर है कि मुस्लिम मतों का रुझान क्या होगा। फिलहाल बहुकोणीय मुकाबले में वीके सिंह हर जगह चर्चा में हैं।

गौतमबुद्धनगर: झटके से सदमे में कांग्रेस

voting tomorrow, to decide fate of western uttar pradesh

कांग्रेस और बसपा को चुनाव अभियान के दौरान इस सीट पर करारे झटके लग चुके हैं।

कांग्रेस प्रत्याशी और पूर्व सांसद रमेश चंद्र तोमर भाजपा में शामिल हो चुके हैं तो बसपा के मौजूदा सांसद सुरेंद्र नागर भी सपा का दामन थाम चुके हैं।

इस सीट पर भाजपा के महेश चंद्र शर्मा का मुकाबला सपा के नरेंद्र सिंह भाटी और बसपा से सतीश अवाना से है।

तोमर के भाजपा में आने से महेश चंद्र शर्मा को मजबूती मिली है। यहां मुस्लिम और गुर्जर वोटों के लिए सपा और बसपा में जोर-आजमाइश चल रही है।

बुलंदशहर: कल्याण ने प्रतिष्ठा से जोड़ा

voting tomorrow, to decide fate of western uttar pradesh

बुलंदशहर सीट को पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह ने अपनी प्रतिष्ठा से जोड़ रखा है। भाजपा ने उन्हीं की पसंद से भोला सिंह को उम्मीदवार बनाया है।

भाजपा का मुकाबला यहां सपा के मौजूदा सांसद कमलेश वाल्मीकि, बसपा के प्रदीप जाटव और रालोद की अंजु मुस्कान से है।

इस सुरक्षित सीट पर मुस्लिमों के रुझान पर नजरें हैं। फिलहाल बसपा, सपा और रालोद तीनों ही मुस्लिमों पर दावा जता रहे हैं।

मुस्लिम वोटों के बंटवारे के चलते इस सीट पर फिलहाल भाजपा का पलड़ा भारी आंका जा रहा है।

अलीगढ़: उम्मीदें मुस्लिम वोटों पर टिकीं

voting tomorrow, to decide fate of western uttar pradesh

सांसद राजकुमारी चौहान के बेटे अरविंद कुमार सिंह इस बार बसपा प्रत्याशी हैं। भाजपा ने कल्याण सिंह के नजदीकी सतीश गौतम को उम्मीदवार बनाया है।

उनका मुकाबले में सपा से विधायक जफर आलम, कांग्रेस से पूर्व सांसद बिजेन्द्र सिंह मैदान में है। सपा, बसपा और कांग्रेस की उम्मीदें मुस्लिम वोटों पर टिकी हैं।

सभी अपना मुकाबला भाजपा से मान रहे हैं। मुस्लिम जिसके पक्ष में लामबंद होंगे वहीं भाजपा से मुकाबला करेगा।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed