{"_id":"60febb755a909a3c351f67c3","slug":"video-viral-in-lucknow-police-beat-up-innocent-people-with-a-cane-made-a-video-and-complained-to-the-commissioner-of-police-s-misdeeds","type":"story","status":"publish","title_hn":"वीडियो वायरल : लखनऊ में पुलिस ने की बेगुनाहों की बेंत से पिटाई, वीडियो बनाकर पुलिस की करतूत की कमिश्नर से शिकायत","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
वीडियो वायरल : लखनऊ में पुलिस ने की बेगुनाहों की बेंत से पिटाई, वीडियो बनाकर पुलिस की करतूत की कमिश्नर से शिकायत
Mon, 26 Jul 2021 07:13 PM IST
पंकज श्रीवास्तव
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ
Published by: पंकज श्रीवास्तव
Updated Mon, 26 Jul 2021 07:13 PM IST
सार
सादे कपड़ों में मौजूद कुछ पुलिसकर्मी कोतवाली के कार्यालय के गेट से दोनों को भीतर खींच ले गए। वहां मोबाइल फोन छीनने के बाद लाठी व चमड़े के पट्टे से दोनों को बुरी तरह से पीटा।
विज्ञापन
यूपी पुलिस
विस्तार
लखनऊ में चिनहट के तिवारीगंज में मॉडल शॉप से तीन लाख की लूट के मामले में पुलिस अपराधियों तक नहीं पहुंच सकी तो रविवार सुबह दुकान के दो सेल्समैनों को ही पूछताछ के बहाने बुलाकर हिरासत में ले लिया। रात तक दोनों को नहीं छोड़ा गया तो मॉडल शॉप का मैनेजर अपने दोस्त के साथ खाना देने चिनहट कोतवाली गया। जहां पुलिसकर्मियों ने मैनेजर व उसके साथी को बंद करके बेंत से बुरी तरह से पीटा। देर रात अधिकारियों के हस्तक्षेप पर पुलिस ने मैनेजर व उसके साथी को छोड़ा तो दोनों ने वीडियो बनाकर पुलिस की करतूत बताते हुए मामले में कार्रवाई की मांग की।
विज्ञापन
मॉडल शॉप पर कुछ दिन पहले तीन बदमाशों ने सेल्समैन शशांक जायसवाल से तीन लाख रुपये लूटे थे। मामले में छानबीन कर रही पुलिस ने रविवार सुबह सेल्समैन शशांक जायसवाल व बबलू यादव को पूछताछ के लिए चिनहट कोतवाली बुलाया था। रात 10 बजे तक दोनों नहीं लौटे तो मॉडल शॉप के मैनेजर विशाल सिंह अपने मित्र अभय सिंह के साथ दोनों को खाना देने चिनहट कोतवाली गए।
विज्ञापन
अभय व विशाल का आरोप है कि कोतवाली में सेल्समैन शशांक जायसवाल व बबलू यादव के बारे में पूछने पर उपनिरीक्षक व सिपाही भड़क गए और गालियां देने लगे। फिर सादे कपड़ों में मौजूद कुछ पुलिसकर्मी कोतवाली के कार्यालय के गेट से दोनों को भीतर खींच ले गए। वहां मोबाइल फोन छीनने के बाद लाठी व चमड़े के पट्टे से दोनों को बुरी तरह से पीटा। आरोप है कि सादे कपड़े में मौजूद एक युवक ने अभय का गला दबा दिया। सांसें उखड़ने लगीं तो अन्य पुलिसकर्मियों ने अभय को उससे छुड़ाया।
विज्ञापन
विशाल सिंह के किसी परिचित ने उच्चाधिकारियों से शिकायत की तो देर रात उन्हें व अभय को कोतवाली से छोड़ा गया। जिसके तुरंत बाद विशाल व अभय ने एक वीडियो बनाया, जिसमें अपनी चोटें दिखाते हुए पुलिस की बर्बरता के बारे में बताकर उच्चाधिकारियों से कार्रवाई की मांग की।
जांच के बाद होगी कार्रवाई : पुलिस कमिश्नर
पीड़ित अभय सिंह निवासी सोपान अपार्टमेंट, केशवनगर ने सोमवार को पुलिस कमिश्नर ध्रुवकांत ठाकुर को पत्र सौंपकर पूरे मामले की जानकारी दी। कहा कि उनके साथ हुई पूरी घटना कोतवाली में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकार्ड हो गई है, अत: तुरंत रिकार्डिंग मंगाकर पुलिस की करतूत देखी जा सकती है। अन्यथा चिनहट पुलिस वो रिकार्डिंग डिलीट कर देगी। अभय का कहना है कि चिनहट पुलिस की करतूत का ये मामला सोशल मीडिया पर छाया है, इससे मैं आहत हूं। इस पर पुलिस कमिश्नर ध्रुवकांत ठाकुर ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। उनका कहना है कि जांच के बाद मामले में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।