यूपी: प्रदेश में धीमी पड़ी पछुआ हवा, रात में रह सकती है उमस; चक्रवात दित्वा भारत की ओर बढ़ा..जानिए पूर्वानुमान
cyclone ditwa: यूपी में सर्दी का असर मिला-जुला है। सात डिग्री न्यूनतम तापमान के साथ इटावा प्रदेश में सबसे ठंडा रहा, वहीं कई जिलों में तेज धूप देखने को मिली।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तर प्रदेश में शुक्रवार से हवा का रूख बदलते ही दिन की धूप में तपिश महसूस की गई। माैसम विभाग का कहना है कि शनिवार और रविवार को भी दिन व रात के पारे में हल्की बढ़त देखने को मिलेगी। साथ ही एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से यूपी में कहीं दक्षिण-पश्चिमी तो कहीं पुरवाई मिश्रित हवाएं चलीं। 7 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ इटावा सबसे ठंडा रहा। वहीं कानपुर में 7.4 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।
शुक्रवार को प्रदेश भर में कोहरे के असर में कमी देखने को मिली। वहीं कुशीनगर में 300 मीटर और कानपुर में 400 मीटर दृश्यता दर्ज की गई।
आंचलिक माैसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हवा की दिशा बदलने और बादल छाए रहने के कारण प्रदेश में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में बढ़ोत्तरी दर्ज की जा रही है। अगले 2–3 दिनों में तापमान लगभग 2 डिग्री सेल्सियस बढ़ सकता है।
चक्रवात दित्वा भारत की ओर बढ़ा, पुडुचेरी और आंध्र प्रदेश में ऑरेंज अलर्ट जारी
दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती तूफान दित्वा भारत की ओर बढ़ रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया कि तूफान दित्वा तमिलनाडु में चेन्नई के दक्षिण-पूर्वी तट से लगभग 700 किलोमीटर दूर पोट्टुविल के पास पहुंच गया है। मौसम विभाग ने अनुमान लगाया है कि यह तूफान 30 नवंबर तक भारत के तट तक पहुंचेगा।
यह उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ते हुए तमिलनाडु के उत्तरी तट, पुडुचेरी और आंध्र प्रदेश के दक्षिणी तट से टकराएगा। मौसम विभाग ने 28 नवंबर से 1 दिसंबर के बीच पुडुचेरी और आंध्र प्रदेश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। निवासियों से सतर्क रहने की अपील भी की गई है। पुडुचेरी के जिला कलेक्टर ए कुलोथुंगन ने लोगों से अपील की है कि जब तक बहुत जरूरी कार्य न हो बाहर न जाएं। उन्होंने लोगों को पेड़ के नीचे, पुरानी इमारतों के अंदर खड़े होने से बचने की सलाह दी है।
कुलोथुंगन ने बच्चों को भी खुले में न खेलने की सलाह दी है। उन्होंने लोगों से कहा कि प्रकृति से बचाव के लिए सुझाव व जानकारी के लिए प्रशासन से संपर्क कर सकते हैं। आईएमडी ने आंध्र प्रदेश के तटीय क्षेत्रों में अगले तीन दिनों तक भारी बारिश की आशंका जताई है। मौसम विभाग ने बताया कि 29 नवंबर से अगले दो दिनाें तक आंध्र प्रदेश के चित्तूर, तिरुपति, नेल्लोर, प्रकाशम, वाईएसआर कडप्पा, अन्नामय्या और श्री सत्य साईं जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है।