12460 सहायक अध्यापकों की भर्ती के लिए योगी सरकार ने दी सहमति, इसी महीने जारी होगा आदेश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सहायक अध्यापक बनने के लिए एक वर्ष से इंतजार कर रहे हजारों बीटीसी अभ्यर्थियों के लिए खुशखबरी है। 12460 पदों पर सहायक अध्यापक भर्ती के लिए शासन ने सैद्धांतिक सहमति दे दी है। बेसिक शिक्षा परिषद इसी महीने भर्ती का आदेश जारी कर सकती है।
बेसिक शिक्षा विभाग ने 15 दिसंबर 2016 को 12460 सहायक अध्यापकों की भर्ती निकाली थी। इसके लिए करीब 35 हजार अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। उनकी काउंसलिंग 18 से 20 मार्च 2017 के बीच की गई। इसके बाद कुछ अभ्यर्थियों ने चयन प्रक्रिया को चुनौती देते हुए इलाहाबाद हाईकोर्ट में याचिका दायर कर दी।
हाईकोर्ट की डबल बेंच ने गत 6 फरवरी को राज्य सरकार को चयन प्रक्रिया में बीटीसी 2013 बैच के क्वालिटी पाइंट्स निर्धारित करते हुए चार सप्ताह में चयन प्रक्रिया आगे बढ़ाने का आदेश दिया था।
बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री अनुपमा जायसवाल और अपर मुख्य सचिव राजप्रताप सिंह की मौजूदगी में शुक्रवार को हुई बैठक में सहायक अध्यापक भर्ती 2016 में 12460 पदों पर भर्ती की सैद्धांतिक मंजूरी दी गई।
मुख्यमंत्री की नाराजगी के बाद हुआ असर
बीटीसी 2013 के अभ्यर्थियों ने 15 मार्च को भाजपा प्रदेश मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया था। 16 मार्च को बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री अनुपमा जायसवाल के आवास का घेराव किया था।
उसके बाद अभ्यर्थियों का प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिला। मुख्यमंत्री ने भर्ती लंबित रखने पर नाराजगी जाहिर की थी। इसके बाद ही विभाग हरकत में आया है।
भर्ती का आदेश जल्द होगा जारी
बेसिक शिक्षा के अपर मुख्य सचिव राजप्रताप सिंह का कहना है कि सरकार ने 12460 सहायक अध्यापक भर्ती की सैद्धांतिक सहमति दे दी है। शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए बेसिक शिक्षा परिषद जल्द ही भर्ती का आदेश जारी करेगी।