यूपी: लखनऊ से दिल्ली जा रही ट्रेन की फर्स्ट एसी बोगी में टपकने लगा पानी, वीडियो वायरल होने के बाद हुई किरकिरी
Lucknow Delhi AC Express: लखनऊ और दिल्ली के बीच चलने वाली वीआईपी ट्रेन एसी एक्सप्रेस के फर्स्ट क्लास कोच में पानी टपकने का मामला सामने आया है। इस मामला का वीडियो वायरल हो रहा है।
विस्तार
लखनऊ से दिल्ली जा रही वीआईपी ट्रेन एसी एक्सप्रेस की फर्स्ट एसी बोगी की छत से पानी टपकने लगा। पानी यात्रियों की सीटों तक पहुंच गया, जिससे सामान भीग गया। इसी बीच यात्रियों ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर रेलवे से शिकायत कर नाराजगी जताई। डीआरएम ने मामले की जांच के निर्देश दिए हैं।
मामला उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल की वीआईपी ट्रेन एसी एक्सप्रेस का है। यह ट्रेन लखनऊ से दिल्ली के बीच चलती है। बीती रात चारबाग से दिल्ली जाने वाली गाड़ी संख्या 12429 एसी एक्सप्रेस की फर्स्ट एसी बोगी के यात्रियों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर रेलवे प्रशासन से शिकायत दर्ज कराई। यात्रियों ने बोगी की छत से पानी टपकने का वीडियो वायरल कर दिया।
यात्रियों ने बताया कि ट्रेन की फर्स्ट एसी बोगी एच-1 में शौचालय के पास छत से पानी टपकने लगा। देखते ही देखते पानी तेज हो गया, जिससे बोगी में पानी भरने लगा। शिकायत पर अटेंडेंट को बुलाया गया, लेकिन कोई नहीं आया। न ही छत से पानी टपकने को रोका गया। लखनऊ से दिल्ली पहुंचने तक यात्री परेशान होते रहे। यात्रियों ने यहां तक कहाकि फर्स्ट एसी जैसी महंगी बोगियों में भी सफर मुहाल हो गया है।
मेंटीनेंस में बरत रहे लापरवाही
एसी एक्सप्रेस, शताब्दी, तेजस, लखनऊ मेल वीआईपी ट्रेनों में शुमार हैं। बावजूद इसके ट्रेनों की मेंटीनेंस से लेकर परोसे जाने वाले खाने की गुणवत्ता को लेकर अफसर संजीदगी नहीं बरत रहे हैं। यही वजह है कि तेजस में यात्रियों को बासी समोसे परोस दिए जाते हैं तो एसी एक्सप्रेस की फर्स्ट एसी की छत टपकने लगती है।