रेलवे की योजनाओं में यूपी को मिलेगा सबसे ज्यादा फायदा: रेलमंत्री
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रेल मंत्री सुरेश प्रभु ने कहा कि चूंकि यूपी ने भाजपा को सबसे ज्यादा सांसद दिए हैं लिहाजा रेलवे की सुधार योजनाओं में उसे सबसे ज्यादा हिस्सा मिलेगा।
उन्होंने बताया कि पिछले दो साल में यूपी को 43,453 करोड़ के प्रोजेक्ट दिए जा चुके हैं, इसमें आगे और इजाफा होगा। यूपी से भाजपा के 71 और उसकी समर्थक पार्टी अपना दल के दो सांसद हैं।
गोमतीनगर स्टेशन पर तमाम योजनाओं के शिलान्यास और लोकार्पण के मौके पर प्रभु ने कहा कि एक ट्रेन हमसफर गोरखपुर से शुरू होगी जो मुंबई तक जाएगी। सुरेश प्रभु ने कहा कि लंबे समय से रेलवे की ओर ध्यान नहीं दिया गया। यात्रियों की संख्या तो बढ़ी लेकिन साधन नहीं बढ़े।
रेलवे में निवेश भी अपेक्षा के अनुरूप नहीं हुआ था। प्रधानमंत्री ने रेलवे को काफी महत्व दिया। उसी का नतीजा है कि अब रेलवे में बड़े पैमाने निवेश हो रहा है। पहले 30 से 40 हजार करोड़ रुपये सालाना निवेश होता था, पर इस साल 1 लाख 31 हजार करोड़ रुपये का निवेश रेलवे में हुआ है। इससे सुविधाएं और बढ़ेंगी।
रेलवे के लिए किया गया एक जॉइंट वेंचर कंपनी का गठन
प्रभु ने बताया कि रेल को गति देने के लिए एक जॉइंट वेंचर कंपनी का गठन किया जा रहा है। इसे 16 राज्यों ने मान लिया है। इससे रेल नेटवर्क के विकास में तेजी आएगी। देश में 400 रेलवे स्टेशनों को और अच्छा बनाने की शुरुआत भी कर दी गई है।
गोमतीनगर स्टेशन से मुंबई के लोकमान्य टर्मिनल तक एक नई ट्रेन का तोहफा राजधानी के लोगों को मिलेगा। यह घोषणा रेल मंत्री सुरेश प्रभु ने लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम में की।
राजनाथ सिंह के संसदीय क्षेत्र पर दरियादिली दिखाते हुए रेल मंत्री ने कहा कि जनता की सुविधा का ध्यान रखते हुए नई ट्रेन 18 दिसंबर से शुरू की जा रही है। सप्ताह में एक दिन इसका संचालन होगा। अभी तक पुष्पक समेत अन्य ट्रेनों के लिए यात्री चारबाग स्टेशन जाते थे, लेकिन अब उनके पास गोमतीनगर स्टेशन भी एक विकल्प होगा।
18 साल बाद लोकार्पण
तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी ने 1998 में ट्रेनों का सही प्रकार से संचालन करने के लिए पिपराघाट के पास गोमती नदी पर एक पुल का शिलान्यास किया था। इस पुल का निर्माण करीब 18 वर्ष में पूरा होने के बाद लोकार्पण हुआ। इस पुल से ट्रेनों का संचालन और ज्यादा आसान हो जाएगा।
प्लेटफार्म नंबर सात तक सब-वे
चारबाग स्टेशन पर अब यात्री एक से दूसरे प्लेटफार्म तक जाने के लिए सब-वे रास्ते का भी प्रयोग कर सकेंगे। जल्दी ही सब-वे को प्लेटफार्म नंबर 6 व 7 से भी जोड़ दिया जाएगा।
दरअसल चारबाग स्टेशन परिसर में जो सब-वे हैं, वह सिर्फ प्लेटफार्म नंबर 5 तक ही जाता है। लिहाजा यात्रियों व ट्रेनों के एसएलआर कोच से सामान उतारने वाले मजदूरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
अभी तक मजदूरों को पटरियां पार करके प्लेटफार्म नंबर 5 से 7 तक जाना पड़ता था, लेकिन इसका निर्माण शुरू होने के बाद मजदूरों व यात्रियों को राहत मिलेगी।
109 करोड़ रुपये से टर्मिनल की आधारशिला
-109 करोड़ रुपये से गोमतीनगर टर्मिनल की आधारशिला
- गोमतीनगर स्टेशन पर छह प्लेटफार्म की नींव
- कर्मियों के लिए 17 मंजिला भवन
- चार अतिरिक्त स्टेबलिंग लाइन
- तीन यात्री प्रतिक्षालय, दूसरा परिगामी पुल
- लखनऊ यार्ड से फोर लाइन बनाने की आधारशिला
इनका लोकार्पण
- पिपराघाट गोमती पुल
- चारबाग यार्ड में रिमॉडलिंग, इलेक्ट्रिक इंटरलॉकिंग कार्य
- लखनऊ जंक्शन पर दो एस्केलेटर, महिला वेटिंग रूम
- लखनऊ जंक्शन पर महिला रेस्ट रूम, चारबाग में एलईडी लाइट
- दिलकुशा के पास बने गोमती नदी पर बने पुल का शुभारंभ
- चारबाग में 5 लिफ्ट एवं 4 एस्केलेटर यात्री को समर्पित