यूपी: 11 हजार वोल्ट की लाइन की चपेट में आया छह साल का बच्चा, जान बचाने के लिए काटने पड़े दोनों हाथ
लखनऊ के रहीमनगर डूडौली में 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से छह वर्षीय रुद्र गंभीर रूप से झुलस गया। उसकी जान बचाने के लिए चिकित्सकों को दोनों हाथ काटने पड़े। परिजनों का आरोप है कि कई शिकायतों के बावजूद बिजली विभाग ने कार्रवाई नहीं की। परिवार ने आर्थिक सहायता मांगी है।
विस्तार
फैजुल्लागंज के रहीमनगर डूडौली स्थित बड़ा खदान के पास 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से छह साल का मासूम रुद्र गंभीर रूप से झुलस गया। उसकी जान बचाने के लिए डॉक्टरों को दोनों हाथ काटने पड़े। घटना ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। परिजनों ने प्रशासन से आर्थिक सहायता की गुहार लगाई है।
परिजनों के मुताबिक, पिछले सोमवार सुबह करीब 6:30 बजे रुद्र हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया था। गंभीर हालत में उसे किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने उसे बचाने के लिए शुक्रवार को ऑपरेशन किया, लेकिन संक्रमण और गंभीर चोटों के चलते उसके दोनों हाथ काटने पड़े।
कई बार शिकायत के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई
रुद्र के बाबा ईश्वर चंद्र राय ने बताया कि इलाके से गुजर रही हाईटेंशन लाइन को हटाने के लिए परिवार और स्थानीय लोगों ने कई बार बिजली विभाग में शिकायत की थी। लिखित प्रार्थना पत्र भी दिया गया, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। उनका कहना है कि हाईटेंशन लाइन के कारण क्षेत्र में आए दिन हादसों का खतरा बना रहता है।
इसके बावजूद विभाग ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। हादसे ने उनके पोते की जिंदगी पूरी तरह बदल दी है। परिवार के सामने अब बच्चे के इलाज और भविष्य की चिंता खड़ी हो गई है। परिजनों ने प्रशासन से आर्थिक सहायता देने और क्षेत्र में हाईटेंशन लाइन की समस्या का समाधान कराने की मांग की है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.