300 करोड़ में मोदी सरकार विकसित करेगी यूपी की ये जगहें
प्रदेश में जल्द ही अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस रामायण, बौद्ध और ब्रज सर्किट विकसित किए जाएंगे। पर्यटन विभाग ने केंद्र सरकार की स्वदेश दर्शन योजना के तहत इन्हें विकसित करने का फैसला किया है।
इनमें जहां भगवान राम, कृष्ण और गौतम बुद्ध के जीवन से संबंधित ऑडियो विजुअल देखने को मिलेगा, वहीं लाइट एंड साउंड शो की बेहतर व्यवस्था भी होगी। इन तीनों प्रोजेक्ट्स पर 300 करोड़ रुपये से ज्यादा खर्च किए जाएंगे।
रामायण सर्किट के तहत अयोध्या में मानगढ़ी, राम की पैड़ी, नया घाट, सूर्यकुंड, भरत कुंड, परिक्रमा मार्ग और हनुमान गढ़ी में मूलभूत सुविधाएं बढ़ाने के साथ ही इन स्थानों का सुंदरीकरण किया जाएगा।
अंतरराष्ट्रीय रामकथा संग्रहालय के पास स्थित खाली जमीन में ऑडियो विजुअल रामायण एक्सपो की सुविधा शुरू की जाएगी। इस थीम पार्क में रामचरित मानस के बालकांड से उत्तरकांड तक का डिजिटल प्रदर्शन होगा। इस प्रोजेक्ट पर करीब 150 करोड़ खर्च किए जाएंगे।
ये है विकास का पूरा प्लान
बौद्ध परिपथ के महत्वपूर्ण केंद्र श्रावस्ती में भगवान बुद्ध के जीवन से संबंधित थीम पार्क बनाया जाएगा। साथ ही वर्ल्ड पीस बेल पार्क, म्यूजियम और इंटरप्रेटेशन सेंटर को विकसित किया जाएगा। इसी तरह कुशीनगर और कपिलवस्तु में भी अत्याधुनिक डिजिटल थीम पार्कों का निर्माण होगा। इस पर करीब 100 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
ब्रज सर्किट के तहत मथुरा-वृंदावन का सुंदरीकरण किया जाएगा। मथुरा के थीम पार्क में भगवान कृष्ण के जीवन से संबंधित ऑडियो-विजुअल एक्सपो तैयार होगा। मथुरा-वृंदावन के दर्शनीय स्थलों को और भी अधिक आकर्षक बनाया जाएगा। इस पर 60 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
केंद्रीय पर्यटन सचिव ने किया मुआयना
केंद्रीय पर्यटन सचिव विनोद जुत्शी ने पर्यटन विभाग के अधिकारियों के साथ शुक्रवार को अयोध्या का रामकथा संग्रहालय देखा। वे नया घाट, राम की पैड़ी, हनुमान गढ़ी के अलावा परिक्रमा मार्ग भी गए।
शाम को वे श्रावस्ती पहुंचे। सूत्रों के मुताबिक, जुत्शी ने तीनों सर्किट विकसित करने की योजना के मद्देनजर मौका मुआयना किया। अपनी रिपोर्ट वे केंद्र सरकार को सौंपेंगे।