यूपीः रोडवेज बस का सफर हुआ महंगा, 10 पैसे प्रति किमी बढ़ा किराया, आधी रात से लागू होंगी नई दरें
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यूपी राज्य सड़क परिवहन निगम ने बस का किराया 10 पैसे प्रति किमी बढ़ा दिया है। बढ़ा किराया बृहस्पतिवार आधी रात से ही लागू हो गया। इस संबंध में मुख्य प्रधान प्रबंधक (संचालन) राजेश कुमार वर्मा ने सभी क्षेत्रीय प्रबंधकों को सर्कुलर भेज दिया है। परिवहन निगम के निदेशक मंडल ने 27 दिसंबर को किराये में 10 पैसे किमी बढ़ोतरी का प्रस्ताव दिया था। जिसे राज्य परिवहन प्राधिकरण ने मंजूरी दे दी।
मुख्य प्रधान प्रबंधक ने बताया कि अब साधारण बस के किराए की गणना 1.05, जनरथ 332 का 1.33, जनरथ 232 का 1.57, एसी स्लीपर 2.10 और सुपर लग्जरी बस स्कैनिया व वॉल्वो की 2.32 रुपये प्रति किमी के रेट से की जाएगी। इस किराये पर टैक्स की वसूली अतिरिक्त रूप से होगी।
एसी बस से दिल्ली के लिए 100 रुपये ज्यादा देने होंगे
लखनऊ से दिल्ली तक वाया आगरा एक्सप्रेस-वे से एसी बस का किराया करीब 100 रुपये तक बढ़ गया है। आलमबाग डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक डीके गर्ग के मुताबिक अब लखनऊ से दिल्ली का किराया 1311 रुपये हो गया है। पुराना किराया 1211 रुपये था। इसी प्रकार लखनऊ से वाराणसी का नया किराया लगभग 819 रुपये हो गया, जो पहले 748 रुपये था।
सड़क हादसे के घायलों के मददगार पाएंगे सम्मान
प्रदेश में घटित सड़क हादसे के घायलों की मदद करने वाले मददगारों का अब सम्मान किया जाएगा। यहीं नहीं परिवहन विभाग ऐसे व्यक्तियों को ‘नेक आदमी’ का दर्जा भी देगा। दरअसल सड़क हादसे के बाद का पहला घंटा गोल्डन ऑवर कहलाता है। इस अवधि में घायलों को करीब के अस्पताल पहुंचाने और प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराकर लोगों की जान बचाकर नेक आदमी बना जा सकता है।
संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) विदिशा सिंह के मुताबिक इस बार सड़क सुरक्षा सप्ताह 11 से 17 जनवरी के बीच मनाया जाएगा। पहले दिन 11 जनवरी को सड़क हादसे में अब तक घायलों को मदद करने वालों को सम्मानित करने की तैयारी चल रही है। समारोह में स्कूल के के छात्र-छात्राओं को विशेष रूप से शामिल किया गया है। समारोह की शुरुआत परिवहन मंत्री अशोक कटारिया करेंगे।