यूपी: आगरा में हुई रिकॉर्ड बारिश, कल से तीन दिनों तक इन जिलों में भारी बरसात की चेतावनी; यहां सुस्त हुआ मानसून
Monsoon IN UP: यूपी में मानसूनी बारिश का दौर जारी है। गुरुवार से आने वाले तीन दिनों तक कई जिलों में मध्यम से अच्छी बारिश हो सकती है।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के दक्षिणी और विंध्य के इलाकों समेत प्रदेश में अच्छी बरसात से बाद मानसूनी बारिश के फिलहाल कमजोर पड़ने के संकेत हैं। अगले तीन चार दिनों के लिए प्रदेश के तराई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार बन रहे हैं। माैसम विभाग की ओर से बृहस्पतिवार के लिए प्रदेश में कहीं भी भारी बारिश की चेतावनी नहीं है।
बुधवार को आगरा में सर्वाधिक 121 मिमी भारी बारिश दर्ज की गई। बाराबंकी और फर्रुखाबाद में 70 मिमी बारिश हुई। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि फिलहाल मानसूनी ट्रफ लाइन (मानसून रेखा) प्रदेश के दक्षिणी इलाके से तराई इलाकों की ओर शिफ्ट हुई है। इसके असर से बृहस्पतिवार से अगले तीन-चार दिनों के लिए यूपी के तराई में हल्की से मध्यम बारिश का दाैर शुरू होगा।
कल से कम होगा बारिश का जोर, पड़ेंगी छिटपुट फुहारें
राजधानी में बुधवार को भी अच्छी बारिश देखने को मिली। दोपहर में थोड़ी देर को धूप खिली, लेकिन थोड़ी देर बाद ही धूप पर बादल भारी पड़े और जोर की बरसात शुरू हो गई। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक बृहस्पतिवार से अगले दो-तीन के लिए फिलहाल बारिश कमजोर पड़ेगी। राजधानी के लोगों को छिटपुट बूंदाबांदी से ही संतोष करना होगा। अच्छी बारिश के आसार कम हैं।
बुधवार को लखनऊ में शाम तक 9.6 मिमी औसत बारिश दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 0.2 डिग्री की गिरावट के साथ 33.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं रात का तापमान 0.3 डिग्री की बढ़त के साथ 26.5 डिग्री सेल्सियस रिकाॅर्ड किया गया।