यूपी: त्योहारी सीजन में कन्फर्म टिकट के लिए रेलवे ने शुरू की तैयारी, इन ट्रेनों में बढ़ेगा तत्काल का कोटा
How to get a confirmed ticket: दशहरा, दीवाली और छठ के मौके पर दिल्ली-मुंबई से यूपी आने वाले लोगों को कन्फर्म टिकट की व्यवस्था के लिए रेलवे ने तैयारी करनी शुरू कर दी है।
विस्तार
दीपावली पर ट्रेनों में वेटिंग से परेशान यात्रियों की सुविधा के लिए तत्काल कोटे की सीटों की संख्या बढ़ाने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए रेलवे बोर्ड से अनुमति मांगी गई है। सीटें दोगुनी की जा सकती हैं। अभी दिल्ली, हावड़ा, मुंबई रूट की ट्रेनों में 6500 सीटें तत्काल कोटे की हैं, जो बढ़ाकर 12 हजार से अधिक हो जाएंगी।
इससे यात्रियों को खासी राहत हो जाएगी। दरअसल, दीपावली पर्व पर लखनऊ आने वाली ट्रेनों में लंबी वेटिंग शुरू हो गई है। वहीं त्योहार बाद वापसी के लिए भी सीटों की मारामारी का संकट पैदा हो गया है। लखनऊ से दिल्ली जाने वाली लखनऊ मेल, एसी एक्सप्रेस, गोमती, अयोध्या दिल्ली, काशी विश्वनाथ, गोरखधाम, वैशाली आदि ट्रेनों में वेटिंग है। कन्फर्म सीटें नहीं मिल रही हैं। जबकि मुंबई जाने वाली ट्रेनों पुष्पक, अवध, कुशीनगर, गोरखपुर एलटीटी तथा हावड़ा रूट की अमरनाथ, बाघ आदि ट्रेनों में भी वेटिंग से यात्री परेशान हैं।
मुसाफिरों की समस्याओं को निस्तारित करने के उद्देश्य से रेलवे अधिकारियों ने तत्काल कोटे की सीटों की संख्या बढ़ाने का निर्णय लिया है। हालांकि यह वृद्धि अस्थायी ही होगी। त्योहार बाद सीटों की संख्या पूर्ववत कर दी जाएगी। इसके लिए रेलवे बोर्ड को प्रस्ताव भेजकर अनुमति मांगी गई है। सूत्रों के अनुसार लखनऊ से दिल्ली, मुंबई व हावड़ा रूट की ट्रेनों में अभी तत्काल कोटे की 6500 सीटें हैं। इसमें स्लीपर व एसी बोगियों की सीटों की संख्या क्रमश: 4200 एवं 2300 है। हालांकि इनकी संख्या में बदलाव होता रहता है। ऐसे में अगर प्रस्ताव को मंजूरी मिल जाती है तो दीपावली पर तत्काल कोटे की सीटें 12 हजार से अधिक हो जाएंगी।
आरपीएफ रखेगी पैनी नजर
त्योहार पर तत्काल कोटे की सीटों में दलालों द्वारा की जाने वाली सेंधमारी को रोकने के लिए आरपीएफ को जिम्मेदारी साैंपी गई है। रेलवे स्टेशनों पर बने आरक्षण केंद्रों पर जवान सादी वर्दी में ड्यूटी देंगे। जबकि आरपीएफ सीआईबी की टीम ऐसे दलालों पर नकेल कसेगी व छापेमारी करेगी, जो प्रतिबंधित साफ्टवेयर का इस्तेमाल कर तत्काल कोटे की सीटों में सेंध लगाते हैं।