यूपी: प्रदेश में बसपा के लिए चुनौती बनकर आए दलित राजनीति करने वाले दूसरे दल, वोट बैंक बचना चुनौती
UP politics: यूपी में दलित राजनीति में एक समय सिर्फ बसपा का ही प्रभुत्व था। अब समीकरण बदल गए हैं। दलितों के वोट पर दावे करने वाले कई दल मैदान में हैं।
विस्तार
प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव के मद्देनजर विभिन्न राजनीतिक दलों ने मतदाताओं को रिझाने की कवायद तेज कर दी है। ऐसे में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के सामने अपने कैडर वोट को सहेज कर रखना एक बड़ी चुनौती होगी, क्योंकि लगभग सभी प्रमुख दल इस वोट बैंक में सेंध लगाने के प्रयासों में जुट गए हैं।
भाजपा ने जहां हाल ही में प्रदेश भर के अंबेडकर स्थलों के जीर्णोद्धार की घोषणा की है, वहीं कई अन्य सरकारी योजनाओं के केंद्र में भी दलित वर्ग को रखा जा रहा है। दूसरी ओर, समाजवादी पार्टी (सपा) ने अपने पीडीए फॉर्मूले में डी को दलित बताते हुए और पार्टी में दलित नेताओं को वरीयता देकर इन मतदाताओं को खुद से जोड़ने की मुहिम तेज कर दी है।
इस बीच, आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद बसपा के लिए सबसे बड़ी चुनौती बनकर उभरे हैं। कैडर पृष्ठभूमि से आने के कारण वे खासतौर पर युवाओं के बीच तेजी से अपनी जगह बनाने का प्रयास कर रहे हैं। उनका जुझारूपन और भाषणों में सरकार पर हमलावर रुख युवाओं को आकर्षित कर रहा है। हाल ही में उन्होंने गठबंधन के तहत लखनऊ में रैली कर अपनी ताकत भी दिखाई है।
इसी क्रम में कांग्रेस भी काफी सक्रिय नजर आ रही है। पहले पार्टी ने दलित नेता राजेंद्र पाल गौतम को प्रदेश सह-प्रभारी (प्रभारी) के रूप में कमान सौंपी और अब संविधान दिवस व डॉ. अंबेडकर के नाम पर दलित मतदाताओं को साधने की कवायद तेज कर दी है। लोकसभा चुनाव की तर्ज पर विधानसभा चुनाव में भी संविधान और दलित कांग्रेस की रणनीति के केंद्र में हैं। यही कारण है कि यूपी में संविधान रक्षा मार्च के जरिए दलित चेहरे के रूप में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की सभा आयोजित की गई, जिनके भाषण के केंद्र में भी अंबेडकर ही रहे। कांग्रेस आगे भी इसी एजेंडे को लक्ष्य बनाकर बढ़ने की रणनीति पर काम कर रही है।
मायावती का रुख हो सकता है नुकसानदायक
तमाम राजनीतिक हलचलों के बीच बसपा सुप्रीमो मायावती की चुनावी मैदान में कम सक्रियता पार्टी के लिए नुकसानदायक साबित हो सकती है, क्योंकि कैडर मतदाताओं के बीच आज भी मायावती की वही पुरानी छवि और गहरी पैठ बरकरार है। हालांकि, पार्टी के युवा राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद प्रदेश में ताबड़तोड़ जनसभाएं कर प्रचार की कमान संभाल चुके हैं। वह कैडर के साथ-साथ सर्वसमाज को जोड़ने में जुटे हैं। हालांकि, वह अकेले इस अभियान में कितने सफल हो पाएंगे, इसका फैसला तो आने वाले समय में कैडर मतदाता ही करेंगे।
