UP News: सीएम योगी ने मां पाटेश्वरी देवी के दर्शन कर की पूजा-अर्चना, सुख... समृद्धि और कल्याण की कामना की
सीएम योगी आदित्यनाथ ने बलरामपुर में मां पाटेश्वरी देवी के दर्शन करके पूजा-अर्चना की। उन्होंने देशवासियों के सुख... समृद्धि और कल्याण की कामना की। गुड़ खिलाकर गोसेवा की। मौजूद बच्चों को टॉफियां और चॉकलेट दी। इस दौरान मंदिर परिसर माता के जयकारों से गूंजता रहा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बलरामपुर दौरे के दूसरे दिन शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वासंतिक नवरात्र की अष्टमी के अवसर पर माता पाटेश्वरी शक्ति पीठ में दर्शन-पूजन किया। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर में विभिन्न गतिविधियों में हिस्सा लिया। माता पाटेश्वरी शक्ति पीठ में विधि-विधान के साथ मां दुर्गा के दर्शन और पूजा-अर्चना की।
मंदिर में पूजन के बाद मुख्यमंत्री मंदिर परिसर में ही स्थित गौशाला पहुंचे। वहां उन्होंने गायों को अपने हाथों से गुड़ और हरा चारा खिलाया। मंदिर में मौजूद बच्चों को टॉफियां और चॉकलेट देकर उनके चेहरों पर मुस्कान बिखेरी। इस दौरान मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर अष्टमी व रामनवमी के अवसर पर प्रमुख शक्तिपीठों व मंदिरों में रामचरितमानस का अखंड पाठ पांच व छह अप्रैल को कराया जाएगा। यह पाठ चयनित भजन मंडलियों द्वारा किया जाएगा। इसके लिए इन्हें पांच हजार रुपये का मानदेय भी दिया जाएगा।
संस्कृति व पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि इस बार विशेष रूप से महिलाओं और बालिकाओं की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। देवी मंदिरों व शक्तिपीठों में महिला सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सरकार की योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए विशेष अभियान भी चलाए जाएंगे। सभी जिलों में 24 घंटे का श्रीरामचरितमानस का अखंड पाठ कराने के निर्देश दिए गए हैं। 5 अप्रैल दोपहर से शुरू अखंड मानस पाठ की पूर्णाहुति 6 अप्रैल को श्रीरामनवमी के दिन दोपहर में श्रीरामजन्मभूमि मंदिर में श्रीरामलला के सूर्य तिलक के साथ होगी।
मुख्यमंत्री देवीपाटन मंदिर में ही रात्रि विश्राम करेंगे। शनिवार को वह वासंतिक नवरात्रि की अष्टमी पर मां पाटेश्वरी देवी शक्ति पीठ के दर्शन करेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन को देखते हुए देवीपाटन मंदिर क्षेत्र में विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है। इस दौरान मंडलायुक्त शशि भूषण लाल सुशील, जिलाधिकारी पवन अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक विकास कुमार सहित जिले के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।