यूपी: लखनऊ में वकीलों का प्रदर्शन, बैरिकेडिंग तोड़कर विधानसभा की ओर बढ़े अधिवक्ता; हजरतगंज में नारेबाजी
लखनऊ में अधिवक्ता सुरक्षा अधिनियम लागू करने की मांग को लेकर वकीलों ने प्रदर्शन किया। कैसरबाग न्यायालय से शुरू हुआ पैदल मार्च हजरतगंज पहुंचा। यहां प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग तोड़कर विधानसभा की ओर बढ़ने की कोशिश की। कुछ वकील बैरिकेडिंग पर चढ़ गए। पुलिस ने भारी सुरक्षा व्यवस्था की थी।
विस्तार
लखनऊ में अधिवक्ता सुरक्षा अधिनियम लागू करने की मांग को लेकर शनिवार को बड़ी संख्या में वकीलों ने प्रदर्शन किया। हजरतगंज चौराहे पर नारेबाजी करते हुए विधानसभा की ओर बढ़ रहे अधिवक्ताओं ने पुलिस की एक बैरिकेडिंग तोड़ दी। इसके बाद कुछ वकील दूसरी बैरिकेडिंग पर चढ़ गए और आगे बढ़ने की कोशिश करने लगे।
अधिवक्ताओं का पैदल मार्च कैसरबाग स्थित न्यायालय परिसर से शुरू हुआ। यहां से परिवर्तन चौक और अटल चौक होते हुए वकील विधानसभा की ओर बढ़े। प्रदर्शन को प्रदेश के कई अधिवक्ता संगठनों का समर्थन मिला है।
वकीलों की मांग है कि सरकार जल्द से जल्द अधिवक्ता सुरक्षा अधिनियम लागू करे। उनका कहना है कि अधिवक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस कानून की जरूरत है। वहीं, विधानसभा घेराव के ऐलान को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए।
हजरतगंज समेत मार्च के पूरे रास्ते पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। कई थानों की पुलिस के साथ अतिरिक्त सुरक्षा बल भी लगाया गया। बैरिकेडिंग टूटने के बाद पुलिस प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने में जुटी रही।
पुलिस और वकीलों में धक्कामुक्की
कैसरबाग से परिवर्तन चौक, हजरतगंज चौराहे और जीपीओ स्थित गांधी प्रतिमा तक लगाई गई बैरिकेडिंग को तोड़ डाली। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारी वकीलों के बीच जमकर धक्कामुक्की हुई। पुलिस अधिकारी लगातार अधिवक्ताओं को रोकने और समझाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन प्रदर्शनकारी पीछे हटने को तैयार नहीं हैं।
विधानसभा गेट नंबर-2 पर अधिवक्ताओं का प्रदर्शन
लखनऊ में अधिवक्ता सुरक्षा अधिनियम की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे वकील विधानसभा के गेट नंबर-2 के सामने पहुंच गए। प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ता पुलिस पर भारी पड़ते नजर आए और उनसे बैरिकेडिंग छीन ली। मौके पर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बनी रही।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.
