Lucknow News : अवैध और अनफिट वाहन भर रहे परिवहन निगम का खजाना, रोज दो करोड़ की आय
अनधिकृत वाहनों और बिना परमिट एवं फिटनेस के संचालित वाहनों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान से उप्र राज्य सड़क परिवहन निगम को रोज करीब दो करोड़ रुपये की अतिरिक्त आय हो रही है।
विस्तार
अनधिकृत वाहनों और बिना परमिट एवं फिटनेस के संचालित वाहनों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान से उप्र राज्य सड़क परिवहन निगम को रोज करीब दो करोड़ रुपये की अतिरिक्त आय हो रही है। वहीं परिवहन निगम की बसों में यात्रियों की संख्या भी प्रतिदिन दो लाख के करीब बढ़ी है।
परिवहन निगम के प्रधान प्रबंधक अजीत कुमार सिंह ने बताया कि 14 जुलाई के बाद परिवहन निगम को लगभग तीन से चार करोड़ रुपये अतिरिक्त आय प्राप्त हुई है। साथ ही यात्रियों की संख्या में भी लगातार वृद्धि हुई है। यदि यह अभियान एक माह तक चलाया जाता है तो परिवहन निगम को कम से कम 50 से 60 करोड़ रुपये अतिरिक्त आय अर्जित करने में सफलता प्राप्त होगी। विगत 14 जुलाई को 13.5 करोड़, 15 जुलाई को 16 करोड़ 80 लाख एवं 16 जुलाई को 18 करोड़ 42 लाख रुपये की आय अर्जित हुई है।
उन्होंने कहा कि बिना परमिट, बिना फिटनेस संचालित वाहनों से परिवहन निगम को नुकसान उठाना पड़ता है। अंतरराज्यीय एवं अंतरनगरीय प्राइवेट बसें अत्यधिक संख्या में संचालित हो रही हैं, जो निगम की आय में सेंध लगाती हैं। अभियान को देखते हुए एमडी परिवहन निगम ने 19 जुलाई को होने वाली प्रस्तावित प्रादेशिक समीक्षा भी स्थगित कर दी है।
ओवरलोड वाहनों और अनफिट बसों के संचालन पर पूरी तरह लगे रोक
प्रदेश के परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने निर्देश दिए कि ओवरलोड वाहनों और अनफिट बसों का संचालन पूरी तरह से रोका जाए। जहां से बसें व अन्य वाहन चलना शुरू करते हैं, वहां पर विशेष निगरानी की जाए। वे मंगलवार को योजना भवन में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी जनपदों के जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, खनन एवं परिवहन विभाग के जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर रहे थे।
उन्होंने निर्देश दिए कि सभी विभाग मिलकर ओवरलोडिंग, अनफिट एवं बीमा के दायरे में न आने वाले वाहनों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई करें। बिना नंबर अथवा गलत नंबर प्लेट वाले वाहनों की निगरानी की जाए। ऐसे वाहन संचालकों के खिलाफ परिवहन विभाग के नियमों के अलावा फर्जीवाड़ा के तहत भी मुकदमा दर्ज करें। उन्होंने चेतावनी दी कि प्रवर्तन टीम गलत तरीके से चलने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई नहीं करती है तो प्रवर्तन अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। अनफिट स्कूली वाहनों को नोटिस जारी करें। इस दौरान परिवहन विभाग के अपर मुख्य सचिव एल वेंकटेश्वर लू, परिवहन आयुक्त चन्द्रभूषण सिंह आदि मौजूद रहे।