यूपी: लखनऊ से गोवा और श्रीनगर जाने वालों के लिए खुशखबरी, फिर से शुरू की जाएंगी उड़ान सेवाएं, जानिए टाइमिंग
लखनऊ से गोवा और श्रीनगर की सीधी उड़ानें दिसंबर से पहले दोबारा शुरू होने की उम्मीद है। एयरलाइंस यात्रियों की मांग और व्यावसायिक संभावनाओं का सर्वे कर रही हैं।
विस्तार
लखनऊ से गोवा व श्रीनगर की सीधी उड़ानें दिसंबर से पहले शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है। इसके लिए एयरलाइनों की ओर से सर्वे शुरू करवा दिया गया है। यात्रियों की मांग, फिजिबिलिटी आदि का उल्लेख में रिपोर्ट में होगा। इसके बाद विमान रनवे पर उतर सकेंगे।
चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से सीधी उड़ानों की संख्या लगातार कम हो रही है। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद श्रीनगर की सीधी उड़ान बंद कर दी गई। विमान लखनऊ से दो घंटे में श्रीनगर पहुंचता था। किराया भी सिर्फ आठ हजार रुपये था। लेकिन अब कनेक्टिंग उड़ानों के सहारे यात्री हैं।
ऐसे ही बीती आठ अगस्त को लखनऊ से गोवा की सीधी उड़ान भी बंद कर दी गई है। लखनऊ से गोवा जाने वाली इंडिगो की उड़ान संख्या 6ई-399 अमौसी एयरपोर्ट से दोपहर सवा तीन बजे उड़ान भरकर शाम 5:34 बजे गोवा में लैंड करती थी।
फिजिबिलिटी रिपोर्ट तैयार हो रही
वापसी में गोवा से लखनऊ के लिए इंडिगो एयरलाइंस की ओर से विमान संख्या 6ई-6811 शाम 6:04 बजे रवाना होकर रात 8:21 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पर उतरती थी। यह फ्लाइट सात से आठ हजार में यात्रियों को मिलती थी। ऐसे में यात्रियों की मांग पर लखनऊ से श्रीनगर व गोवा की सीधी उड़ानें दोबारा शुरू करने पर मंथन शुरू कर दिया गया है।
दिसंबर से पहले इन उड़ानों को रनवे पर लौटाने के लिए एयरलाइनों ने सर्वे शुरू कर दिया है। एयरलाइन से जुड़े सूत्रों ने बताया कि फिजिबिलिटी रिपोर्ट तैयार हो रही है। सबकुछ सही रहा तो दिसंबर से पहले विमान दोबारा शुरू कर दिए जाएंगे।
महंगी पड़ रहीं कनेक्टिंग उड़ानें
लखनऊ से गोवा व श्रीनगर की सीधी उड़ानें बंद होने से यात्री कनेक्टिंग उड़ानों के सहारे सफर करना पड़ रहा है। दोनों ही गंतव्यों के लिए पहले सीधी उड़ानें सात से आठ हजार रुपये में मिल जाती थी। समय भी डेढ़ से दो घंटे लगते थे। लेकिन अब कनेक्टिंग उड़ानों का ही सहारा है। इनका किराया 12 से 15 हजार रुपये तक पहुंच रहा है। श्रीनगर पहुंचने में सात से आठ घंटे लग रहे हैं। गोवा का भी यही हाल है।