यूपी: प्रदेश में पुरवाई के चलते कोहरे का असर, कई जिलों में दस डिग्री के करीब पहुंचा पारा; जानिए पूर्वानुमान
Weather in UP: यूपी में मौसम तेजी से बदल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में कोहरे के साथ सर्दी का असर भी बढ़ेगा।
विस्तार
उत्तर प्रदेश में रविवार को पुरवाई का असर दिखा। तापमान में तो कोई खास बदलाव नहीं आया लेकिन तराई और पूर्वांचल के कई जिलों में सुबह हल्के से मध्यम कोहरा देखने को मिला। कोहरे की वजह से आजमगढ़ में 50 मीटर और इटावा में 100 मीटर तक दृश्यता सिमट गई। हालांकि धूप खिलने के साथ कोहरा छंट गया।
माैसम विभाग का कहना है कि फिलहाल तीन दिनों तक यूपी में धीमी पुरवाई चलती रहेगी। इसके असर से तराई और पूर्वांचल में सुबह के समय मध्यम से घना कोहरा देखने को मिल सकता है। वहीं दिल्ली से सटे जिलों में सुबह शाम धुंध जैसा माहाैल रह सकता है।
रविवार को कानपुर, इटावा, हरदोई, अयोध्या और बस्ती में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया। वहीं, पश्चिमी तराई के कई जिलों में अधिकतम तापमान भी 25 डिग्री के आसपास रहा। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, फिलहाल तापमान में बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं।
रविवार को इटावा में अधिकतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। वहीं, कानपुर में न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे ठंडी रात रही।
पुरवाई से बदला मौसम, सुबह छाया कोहरा, शाम को धुंध
धूप निकलने से हल्की तपिश महसूस हुई, लेकिन रातें सर्द होने लगी हैं। क्षेत्रीय माैसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक फिलहाल तीन दिन राजधानी में धीमी पुरवाई चलेगी और दिन और रात के तापमान में कोई खास बदलाव नहीं आने वाला है।
बिगड़ने लगी हवा की गुणवत्ता
पुरवाई के प्रभाव से मौसम में नमी बढ़ने के कारण सुबह कोहरा और शाम को धुंध का असर देखने को मिल रहा है। दिन और रात के तापमान में अंतर बना हुआ है। इस बीच राजधानी की हवा भी बिगड़ने लगी है। रविवार को शहर के छह वायु गुणवत्ता निगरानी केंद्रों में से अलीगंज, लालबाग और तालकटोरा इन तीन इलाकों की एक्यूआइ ऑरेंज जोन यानी खराब श्रेणी में दर्ज किया गया।
रविवार को लखनऊ की हवा का हाल
बीबीएयू- 166 - पीला- मध्यम
कुकरैल - 109 -पीला- मध्यम
गोमतीनगर- 128 - पीला- मध्यम
अलीगंज- 282 - ऑरेंज- खराब
लालबाग- 278 - ऑरेंज- खराब
तालकटोरा- 293 - ऑरेंज- खराब
