यूपी: कम से कम दो लेन चौड़ा होगा प्रदेश का हर स्टेट हाइवे, पीडब्लूडी की समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देश
Highways of UP: यूपी में बनने वाला हर स्टेट हाइवे कम से कम दो लेन वाला होगा। अब प्रदेश का कोई हाइवे ऐसा नहीं होगा जो सिंगल लेन हों।
विस्तार
यूपी के स्टेट हाइवे की गुणवत्ता अब बढ़ने जा रही है। पीडब्ल्यूडी के प्रमुख सचिव अजय चौहान ने मंगलवार को विभागीय कामकाज की समीक्षा की। उन्होंने कार्ययोजना की जानकारी ली। साथ ही निर्देश दिए कि शासन से समय से एस्टीमेट स्वीकृत कराए जाएं। प्रमुख सचिव ने कहा कि वर्तमान में ऐसे कितने राज्य राजमार्ग जो अभी तक दो लेन नहीं हुए हैं, उनकी सूची बनाएं और उनको भी जल्द चौड़ा किया जाए।प्रमुख सचिव ने इंटरस्टेट कनेक्टिविटी योजना के अंतर्गत चिह्नित सड़कों को भी दो लेन करने के निर्देश दिए। साथ ही इनके संबंध में बुधवार तक रिपोर्ट मांगी, ताकि आगामी कार्ययोजना तैयार हो सके।उन्होंने कहा कि अगर कहीं अंतर्राज्यीय और अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर प्रवेश द्वार नहीं बना है, तो उनकी भी सूची तैयार कर ली जाए। प्रदेश में जिन स्थानों पर अभी भी लकड़ी के अस्थायी पुल हों, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर चिह्नित करते हुए कार्ययोजना में शामिल किया जाए।
अर्जुनगंज में चौड़ीकरण में लापरवाही मिली तो नपेंगे अफसर
अजय चौहान ने सुल्तानपुर रोड पर अर्जुनगंज में निर्माणाधीन चौड़ीकरण कार्य की समीक्षा करते हुए मुख्य अभियंता (मध्य क्षेत्र) को निर्देश दिया कि इसे जल्द पूरा कराया जाए। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ विभागीय कार्यवाही की जाएगी और ठेकेदार को भी ब्लैक लिस्ट किया जाए। बैठक में पीडब्ल्यूडी विभागाध्यक्ष योगेश पवार, सेतु निगम के प्रबंध निदेशक धर्मवीर सिंह भी उपस्थित थे।