यूपी: पुरानी पेंशन-अर्जित अवकाश के मुद्दे पर कर्मचारी करेंगे आंदोलन, डिप्टी सीएम के आवास पर हुआ प्रदर्शन
Old pension in UP: प्रदेश में पुरानी पेंशन और अर्जित अवकाश के मुद्दे पर राज्य कर्मचारी आंदोलन करने जा रहे हैं। इसके लिए रूपरेखा बनाई जा रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद ने पुरानी पेंशन बहाली, अर्जित अवकाश की सीमा असीमित करने, शासन स्तर पर सेवा संघों से प्रतिमाह वार्ता करने की मांग की है। परिषद की रविवार को उद्यान भवन में हुई प्रांतीय कार्यकारिणी की बैठक में मांगों का निस्तारण न करने पर सरकार के प्रति नाराजगी जताई। प्रदेश अध्यक्ष एसपी तिवारी ने कहा कि मांगों का निस्तारण न हुई तो अक्तूबर के दूसरे सप्ताह से आंदोलन शुरू किया जाएगा। कहा, मुख्य सचिव के आदेश के बाद भी प्रमुख सचिव व विभागाध्यक्ष सेवा संघों से वार्ता नहीं कर रहे हैं। बैठक में जिला इकाइयों के गठन की जिम्मेदारी प्रदेश संगठन मंत्री राजा भरत अवस्थी को दी गई। बैठक में प्रदेश महामंत्री संजय कुमार शुक्ला, पवन सिंह, संजय सिंह, नन्दलाल यादव, राजा भरत अवस्थी, रामायण राय, सतीश श्रीवास्तव, मनीष शुक्ला, प्रेमचंद शुक्ल आदि शामिल हुए।
शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों ने डिप्टी सीएम के आवास पर किया प्रदर्शन
69000 शिक्षक भर्ती में शामिल आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों ने रविवार को फिर उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के आवास पर प्रदर्शन कर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारी आधे घंटे तक केशव चाचा न्याय करो का नारा लगाते रहे। पुलिस ने अभ्यर्थियों को समझाया, लेकिन वे नहीं माने। इस पर पुलिस ने सभी को हिरासत में लेकर ईको गार्डन भेज दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों की पुलिस से नोकझोंक भी हुई।
अभ्यर्थियों ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई न होने से वे सब नाराज हैं। अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि सरकार ने हाईकोर्ट फैसला जानबूझकर लटकाया जिससे यह मामला सुप्रीम कोर्ट में चला गया। सरकार के पास पर्याप्त समय था कि वह हाईकोर्ट की डबल बेंच के फैसले का पालन करके सबके साथ न्याय करती। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे अमरेंद्र पटेल ने बताया कि वर्ष 2018 में यह भर्ती प्रक्रिया शुरू हुई थी। जब इसका परिणाम आया तो इसमें व्यापक स्तर पर आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को नौकरी से वंचित कर दिया गया। लंबे आंदोलन और न्यायिक प्रक्रिया से गुजरने के बाद बीते 13 अगस्त 2024 को हाईकोर्ट की डबल बेंच ने आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों के हित में फैसला सुनाया था।
अग्निवीर भर्ती : 896 अभ्यर्थियों ने दिखाया दमखम
मुजफ्फरनगर में चल रही अग्निवीर भर्ती रैली के तीसरे दिन रविवार को जनरल ड्यूटी (जीडी) के लिए बिजनौर व बागपत जिलों के 896 अभ्यर्थियों ने दमखम दिखाया। क्षेत्रीय भर्ती अधिकारी मेजर जनरल मनोज तिवारी ने रैली का निरीक्षण किया। मेजर जनरल तिवारी ने अभ्यर्थियों को अच्छे प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित भी किया। उन्होंने कहा, भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह से निष्पक्ष और पारदर्शी है। इसलिए वे दलालों के झांसे में न आएं। रैली में भाग लेने वाले सभी अभ्यर्थियों ने अच्छा अनुशासन दिखाया।