यूपी: 'हम भिखारी नहीं हैं', सपा की सीटों की घोषणा पर भड़के कांग्रेस सांसद इमरान मसूद, गठबंधन पर उठे सवाल
सपा ने यूपी चुनाव के लिए घोषित किए गए पांच प्रत्याशियों में उन सीटों पर भी उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है जिन पर कांग्रेस ने दावेदारी की थी। ऐसे में सीट शेयरिंग को लेकर चल रही वार्ता में सवाल उठ रहे हैं। वहीं, कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने भी कहा है कि अब हम कांग्रेस में चर्चा करेंगे कि आगे क्या करना चाहिए।
विस्तार
समाजवादी पार्टी द्वारा उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए 5 प्रत्याशियों की सूची जारी करने के बाद कांग्रेस और सपा के बीच सीट बंटवारे को लेकर खींचतान खुलकर सामने आ गई है। कांग्रेस के यूपी कार्यकारी अध्यक्ष और सांसद इमरान मसूद ने सपा के इस कदम पर तीखी नाराजगी जताई है।इमरान मसूद ने कहा - "हम भिखारी नहीं हैं। हम अखिलेश यादव से कोई खैरात लेने के लिए इंतजार नहीं कर रहे हैं। वो हमारे साथ ऐसा बर्ताव कैसे कर सकते हैं?"
ये है पूरा मामला: समाजवादी पार्टी ने सीट शेयरिंग को लेकर चल रही बातचीत के बीच ही 5 सीटों पर उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए। इनमें से 4 सीटें पश्चिमी यूपी की हैं - बेहट, सहारनपुर, कैराना और अमरोहा। सहारनपुर लोकसभा सीट से ही इमरान मसूद सांसद हैं, इसलिए कांग्रेस को यह कदम और ज्यादा नागवार गुजरा है।
मसूद ने कहा कि एक तरफ बातचीत हो रही है और दूसरी तरफ घोषणाएं हो रही हैं, इससे साफ है कि गठबंधन को लेकर गंभीरता नहीं बरती जा रही है।
उन्होंने कहा - 'बातचीत गंभीर तरीके से हो रही थी, लोग साथ बैठकर बात कर रहे थे, लेकिन अचानक ये हो गया। अब हमारी पार्टी के अंदर चर्चा होगी कि हमें क्या करना है, बातचीत के लिए बैठना है या नहीं।'
सपा ने कांग्रेस को दिया था 26 सीटों का प्रस्ताव
सूत्रों के मुताबिक, सपा ने कांग्रेस को पहले 100 से ज्यादा सीटों की मांग के बदले सिर्फ 26 सीटें देने का प्रस्ताव दिया था। कांग्रेस ने अपनी मूल मांग 181 सीटों से घटाकर 100 से ज्यादा की थी। मसूद ने कहा - 'हमने तो आपसे सीटें मांगी भी नहीं थीं, और आपने 26 सीटें घोषित कर दीं? अगर आपका यही काम करने का तरीका है कि आप शर्तें थोपेंगे, तो एक स्वाभिमानी व्यक्ति को ये बातें समझ नहीं आतीं।' उन्होंने यह भी कहा कि फैसला पार्टी नेतृत्व लेगा। राहुल गांधी आएंगे, प्रियंका गांधी आएंगी, नेतृत्व जो निर्देश देगा, कार्यकर्ता उसका पालन करेंगे। "आखिर ये तय तो करना होगा कि लड़ाई बीजेपी से लड़नी है या कांग्रेस से?"
VIDEO | Lucknow: As Samajwadi Party releases list of five candidates for UP Polls, Congress MP Imran Masood (@Imranmasood_Inc) says, “Whatever is happening here, it seems that there is a lack of seriousness in this matter. There is a lack of seriousness because while you (Samajwadi Party) are holding talks on one side, you are making declarations on the other, which indicates that this is not being taken seriously. Discussions were being held in a serious manner, and people were sitting together and talking seriously, but suddenly this has happened. So, now we will discuss within our party what we should do, whether we should sit for talks or not, because the decision on what to do in this situation will be taken by the party. When you have made this declaration against me, I don't understand whether you want to fight me, the Congress, or the BJP? It has to be decided, doesn't it, whether you want to fight the BJP or fight us? So, what can I say about this?” (Full video available on PTI Videos - https://t.co/bIyFWTfmBd)
— Press Trust of India (@PTI_News) November 25, 2026
कांग्रेस ने सौंपी थी 181 सीटों की सूची, इन दो सीटों पर भी घोषित हुए प्रत्याशी
कांग्रेस ने गठबंधन में सपा से यूपी में 181 सीटों की मांग की थी। इस सूची में सहारनपुर की बेहट और सहारनपुर देहात सीट भी थी पर सपा ने इन दो सीटों पर भी प्रत्याशी घोषित कर दिए। बेहट विधानसभा सीट पर उमर अली खान और सहारनपुर विधानसभा सीट पर आशु मलिक को उम्मीदवार बनाया गया है। मालूम हो कि कांग्रेस की ओर से बीते दिनों 181 उम्मीदवारों की सूची सौंपी गई थी जिनमें इन दो सीटों पर भी दावेदारी की गई थी।
सीट शेयरिंग को लेकर दो दौर की हो चुकी है चर्चा
सपा-कांग्रेस में सीट शेयरिंग को लेकर दिल्ली में दोनों दलों के नेताओं के बीच दो दौर की बात हो चुकी है और अभी दो दौर की बातचीत और होने की बात भी कही जा रही है। मंगलवार को बैठक के बाद सपा के वरिष्ठ नेता रामगोपाल यादव ने हालांकि, इस बात से इनकार कर दिया था कि कांग्रेस की ओर से सपा नेतृत्व को कोई लिस्ट दी गई है। उन्होंने बयान दिया था कि "हम लोगों ने हर सीट पर चर्चा की। बहुत ही सकारात्मक चर्चा हुई। 403 सीटें बहुत सीटें हैं इसलिए अभी चर्चा पूरा नहीं हो पाया है लेकिन आप भरोसा रखिए कि गठबंधन की अगली दो बैठकों के बाद हम लोग अपनी चर्चा पूरा कर लेंगे... किसी ने अभी सीटों की मांग नहीं की है। हम सब सीटों पर चर्चा कर रहे हैं... वार्ता तब तक चलती रहेगी, जब तक अंतिम फैसला नहीं हो जाता है… जल्द ही हम अगली बैठक करेंगे..."
वहीं, कांग्रेस के यूपी प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने बैठक के बाद कहा था कि अगली दो बैठकों के अंदर पूरा निर्णय ले लिया जाएगा। काफी बड़ी मात्रा में सीटों पर चर्चा हो चुकी है। एक-एक सीट पर डेटा के साथ बातचीत हुई है। सकारात्मक बातचीत चल रही है। हम बहुत सकारात्मक सोच के साथ हम लोग आगे बढ़ रहे हैं... निश्चित है कि दोनों पार्टियां सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ रही हैं... अगली दो बैठकों में हम लोग इसे संपन्न कर लेंगे और हमारा समझौता हो जाएगा...।
ऐसे में सपा की ओर से बातचीत के बीच ही सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा ने गठबंधन में वार्ता प्रक्रिया पर ही सवाल उठा दिए हैं। हालांकि, प्रत्याशियों की घोषणा पर कांग्रेस ने अभी बयान जारी नहीं किया है। वहीं, अखिलेश यादव ने भी कहा था कि सपा की ओर से कांग्रेस को 26 सीटों की पेशकश एक शुरुआत भर है। आगे वार्ता जारी है।
