राष्ट्रीय एकता दिवस: योगी ने मार्च पास्ट को दिखाई हरी झंडी, बोले- राष्ट्र की एकता में सरकार पटेल का योगदान स्मरणीय रहेगा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, 'एक भारत-श्रेष्ठ भारत' के निर्माण में सरदार वल्लभ भाई पटेल का विराट योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
15 अगस्त 1947 को देश की आजादी के बाद अनेक ऐसी रियासतें थीं, जो भारत गणराज्य के साथ जुड़ने में आनाकानी कर रही थीं। लेकिन सरदार वल्लभ भाई पटेल ने भारत के गृह मंत्री व उप प्रधानमंत्री के रूप में भारत के एकीकरण के लिए अभियान चलाया था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरदार पटेल की जयंती राष्ट्रीय एकता दिवस के मौके पर रविवार को अपने आवास से 75 मोटर साइकिल सवारों की रैली को झंडी दिखाकर रवाना करते हुए यह बातें कही। यह रैली काकोरी शहीद स्मारक पर जाकर समाप्त हुई। इसके अलावा सीएम ने हजरतंगज जीपीओ स्थित स्थित सरदार पटेल पार्क में स्थापित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि भी अर्पित की।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मोटरसाइकिल रैली को झंडी दिखाकर रवाना करने से पहले कहा कि काकोरी ट्रेन एक्शन ने आजादी की लड़ाई को एक ऊंचाई दी। इसमें पं. राम प्रसाद बिस्मिल, ठाकुर रोशन सिंह, अशफाक उल्ला खां, चंद्रशेखर आजाद व अन्य महान क्रांतिकारियों ने पूरी दृढ़ता से ब्रिटिश हुकूमत से मोर्चा लिया था। आजादी के अमृत वर्ष के उपलक्ष्य में यहां से मोटर साइकिल रैली रवाना हुई है। यह रैली काकोरी शहीद स्मारक स्थल पहुंचकर शहीदों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करेगी।
सीएम ने कहा कि यह वर्ष भारत की आजादी के अमृत महोत्सव का वर्ष है। साथ ही चौरी-चौरा की घटना के सभी बलिदानियों की स्मृति का शताब्दी वर्ष भी है। 04 फरवरी 1922 को गोरखपुर के चौरी-चौरा में देश की आजादी को लेकर किसानों, मजदूरों एवं स्थानीय नागरिकों ने क्रांतिकारियों से प्रेरणा लेकर राष्ट्रीय आंदोलन को आगे बढ़ाया था। कार्यक्रम में विधि एवं न्याय मंत्री बृजेश पाठक, मुख्य सचिव आरके तिवारी, पुलिस महानिदेशक मुकुल गोयल, अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी, एसीएस एमएसएमई व सूचना नवनीत सहगल भी मौजूद थे।
563 रियासतों को भारत गणराज्य बनाया हिस्सा
मुख्यमंत्री ने जीपीओ स्थित सरदार पटेल पार्क में स्थापित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण और श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि देश की 563 रियासतों को भारत गणराज्य का हिस्सा बनाकर एक भारत के निर्माण में प्रमुख भूमिका निभाई थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ की परिकल्पना को साकार कर रहे हैं। सरदार पटेल ने जूनागढ़ व हैदराबाद रियासत का स्वाधीन भारत में विलय कराया। उनका यह कार्य स्वतंत्र भारत के प्रत्येक नागरिक को सदैव प्रेरणा देता रहेगा। सरदार पटेल ने सोमनाथ मंदिर के पुनरुद्धार में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने सरदार वल्लभ भाई पटेल स्मारक समिति की ‘पटेल स्मारिका-2021’ का विमोचन किया। उन्होंने स्व. राम कुमार वर्मा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर जल शक्ति मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह, नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन, विधायक शशांक वर्मा, मेयर संयुक्ता भाटिया भी मौजूद थी।