सीएम आदित्यनाथ बोले, किसी के प्रभाव में आए बिना काम करे पुलिस
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यूपी में कानून का राज स्थापित करने के लिए हर पुलिस अफसर अपनी क्षमता के अनुसार पूरा योगदान दे। जनता से पुलिस का व्यवहार अच्छा हो और लोगों की शिकायतों की निस्तारण निष्पक्ष हो। ये हिदायत मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी ने पुलिस को दिए हैं।
वे मंगलवार को अपने कार्यालय में पुलिस के वरिष्ठ अफसरों के साथ कानून-व्यवस्था की समीक्षा कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि कानून व्यवस्था सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुलिस अपनी कार्य पद्धति और प्रणाली में परिवर्तन लाए, जिससे जनता को महसूस हो कि उसे राहत मिली है और वह सुरक्षित है।
इसके लिए पुलिस जनता से सीधा संवाद करे और छोटी घटनाओं का त्वरित निपटारा करे जिससे ये घटनाएं भविष्य में किसी खतरे का कारण न बने। इस संदर्भ में उन्होंने ग्रेटर नोएडा में नाईजीरियाई छात्र की पिटाई और संतकबीरनगर में बम विस्फोट में एक युवक के घायल होने की चर्चा भी की।
उन्होंने पुलिस से जुड़े सभी विभागों को शीघ्र कार्य योजना पेश करने के निर्देश दिए। सीएम ने कहा कि वे भविष्य में कानून व्यवस्था और पुलिस की कार्य प्रणाली की जमीनी हकीकत जानने के लिए फील्ड विजिट करेंगे। तब तक पुलिस की कार्य प्रणाली में सुधार आ जाना चाहिए।
पुलिस अधिकारी अपने अतिव्यस्त समय में से कुछ समय अपने अधीनस्थ पुलिस कर्मियों के साथ अलग-अलग क्षेत्रों में कुछ किलोमीटर पैदल भ्रमण भी करें। इससे जनता में विश्वास और सुरक्षा की भावना पैदा होगी। सीएम ने थानों, कार्यालयों व आवासों की सफाई पर विशेष ध्यान रखने नियमित पेट्रोलिंग के भी निर्देश दिए।
कानून हाथ में लेने की इजाजत किसी को नहीं
सीएम ने कहा कि कानून अपने हाथ में लेने की इजाजत किसी को नहीं होनी चाहिए। राज्य के हर व्यक्ति को सुरक्षा देने की जिम्मेदारी हम सबकी है। सुरक्षा और शांति के लिए खतरा पैदा करने वालों को चिह्नित कर कार्रवाई करें।
रंगदारी और जबरन वसूली की कुछ मामले सामने आए हैं। इनमें लिप्त लोगों पर भी सख्त कार्रवाई करें। उत्पीड़न और एसिड अटैक की घटनाओं पर तेजी से कार्रवाई करें। उन्होंने पुलिस विभाग में आंतरिक अनुशासन पर जोर देते हुए कहा कि थाने में आने वाले फरियादियों के बैठने की समुचित व्यवस्था और उनके प्रति अच्छा व्यवहार होना चाहिए।
उन्होंने पुलिस अधिकारियों को बैंक खुलने के समय और बाजार बंद होने के समय विशेष सतर्कता बरतने को कहा है। नवरात्र व अन्य पर्वों के मद्देनजर सीएम ने मंदिरों व इस दौरान लगने वाले मेलों पर्याप्त सुरक्षा व सफाई रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अयोध्या में रामनवमी के मेले के दौरान खास सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। कहा कि मेले के दौरान श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो।
मुख्यमंत्री ने खनन, वन, गौ और भू माफिया के खिलाफ अभियान चला कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने यूपी 100 का उदाहरण देते हुए कहा कि इसके साथ समन्वय बनाकर पुलिस काम करे। इसके लिए पुलिस को आधुनिक उपकरणों और नवीनतम तकनीक से लैस रहना होगा।
आतंकी घटनाओं में विशेष सतर्कता बरतने की हिदायत देते हुए सीएम ने कहा कि किसी भी घटना को सामान्य कहकर टालने की प्रवृत्ति से बचें। गांव के स्तर पर भी घटना की उच्चाधिकारियों को जानकारी होनी चाहिए।
आग लगने की घटनाओं को भी गंभीरता से लें और कम से कम समय में मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि महिलाओं और मानवाधिकारों की सुरक्षा एक बड़ी चुनौती है। इससे निपटना हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए।