नागपुर में संघ तय करेगा मिशन यूपी का 'महाप्लान'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नागपुर में 13 मार्च से शुरू हो रही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की प्रतिनिधि सभा की बैठक में उत्तर प्रदेश की चिंताएं भी पदाधिकारियों के माथे पर दिख सकती हैं।
खासतौर से 2017 में विधानसभा चुनाव और प्रदेश में संघ परिवार की पकड़ को मजबूत बनाने की फिक्र जेहन में रह सकती है। यह बैठक 15 मार्च तक चलेगी। इसमें संघ के सरकार्यवाह का चुनाव भी होना है।
वैसे तो प्रतिनिधि सभा की बैठक हर साल मार्च में होती है लेकिन कुछ कारणों से नागपुर की बैठक का अलग महत्व है। प्रत्येक तीन साल पर नागपुर में होने वाली बैठक एक तरह से पूरे तीन वर्ष की चुनौतियों पर चर्चा होने के साथ रणनीति का सैद्धांतिक खाका भी खींचती है।
इसके अलावा सरकार्यवाह (एक तरह से संघ की राष्ट्रीय कार्यकारिणी का मुखिया) का चुनाव होने के कारण भी यह बैठक महत्वपूर्ण हो जाती है। इसके बाद अब 2018 में यह बैठक होगी।
यूपी में कमल खिलाने की चिंता
नागपुर की उस बैठक से पहले 2017 में यूपी में विधानसभा चुनाव हो चुके होंगे। इसलिए इस बैठक में किसी न किसी रूप में उस चुनाव की चुनौतियों के बारे में चर्चा होना स्वाभाविक है।
भले ही संघ औपचारिक रूप से यह दावा करता हो कि इस तरह की बैठकों में वह किसी चुनाव व राजनीतिक दल के रूप में कोई विचार-विमर्श नहीं करता।
पर, जिस तरह वह उप्र में तुष्टीकरण व मुस्लिम परस्त सरकारों को हिंदू समाज के लिए संकट बताता रहा है, उससे साफ है कि उसके दिमाग में कहीं न कहीं प्रदेश में भी अपने अनुकूल दल को सत्ता में बैठाने की छटपटाहट है। सभी को पता है कि यह पार्टी भाजपा ही हो सकती है।
लखनऊ बैठक में ही तैयार हो गई थी पृष्ठभूमि
अगर पिछले वर्ष यहां हुई संघ की केंद्रीय कार्यकारी मंडल की बैठक पर नजर डालें तो पता चलेगा कि प्रतिनिधि सभा की इस बैठक में उप्र की चिंता क्यों मुख्य मुद्दा बनेगी।
पिछले वर्ष 17 से 19 अक्तूबर तक यहां हुई कार्यकारी मंडल की बैठक में उत्तर प्रदेश की स्थिति को लेकर खूब चिंतन हुआ था। शाखाओं की संख्या में बढ़ोतरी के बावजूद नियमित शाखाओं और उसमें जुटने वालों की संख्या में कमी पर चिंता जताई गई थी।
तय हुआ था कि एक साल में देश भर के सभी मुख्य मार्गों के किनारे संघ के काम के विस्तार का लक्ष्य तय करके संगठन की शक्ति बढ़ाई जाएगी।
यूपी पर फोकस रखने की बात भी हुई थी। जाहिर है, नागपुर में होने वाली बैठक में प्रदेश के बारे में चर्चा जरूर होगी।